Nagpur News: आरटीओ चेकपोस्ट पर रिश्वतखोरी का भंडाफोड़: मोटर वाहन निरीक्षक समेत दो पर मामला दर्ज

आरटीओ चेकपोस्ट पर रिश्वतखोरी का भंडाफोड़: मोटर वाहन निरीक्षक समेत दो पर मामला दर्ज
  • खुर्सापार सीमा जांच नाके पर एसीबी की ट्रैप कार्रवाई
  • ट्रक पास कराने के नाम पर 500 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा एजेंट

Nagpur News भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) नागपुर ने गुरुवार को महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा स्थित खुर्सापार आरटीओ चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रादेशिक परिवहन विभाग (आरटीओ) नागपुर ग्रामीण के मोटर वाहन निरीक्षक और एक निजी एजेंट के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज किया है।

एसीबी से जुडे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ट्रक चालक एवं मालिक हैं। आरोप है कि ट्रक को सीमा जांच नाके से एंट्री पास दिलाने के लिए आरटीओ चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों की ओर से 500 रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत 10 जून 2026 को एसीबी नागपुर कार्यालय में की। शिकायत के सत्यापन के दौरान पता चला कि मोटर वाहन निरीक्षक साजन शालिग्राम शेंडे (50) के कथित संरक्षण में निजी एजेंट प्रवीण बाबुराव गायधने (50) ने ट्रक पास कराने के एवज में 500 रुपए की रिश्वत मांगी।

गुरुवार को बिछाए गए जाल में एजेंट गायधने को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। जांच में यह भी सामने आया कि मोटर वाहन निरीक्षक शेंडे ने इस कृत्य को प्रोत्साहित किया था, जिसके बाद उन्हें भी हिरासत में लिया गया। इस मामले में केलवद पुलिस थाना, नागपुर ग्रामीण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(ए) और 12 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एसीबी के पुलिस अधीक्षक डॉ. दिगंबर प्रधान, अपर पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर एवं विजय माहुलकर व उप पुलिस अधीक्षक भारती गुरनुले के मार्गदर्शन में एसीबी के पुलिस निरीक्षक मयूर चौरसिया और उनकी टीम ने कार्रवाई की।


Created On :   11 Jun 2026 4:46 PM IST

Tags

Next Story