- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- श्रीनगर की कनेक्टिंग फ्लाइट का...
Nagpur News: श्रीनगर की कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 34 हजार, ट्रेनों में लंबी वेटिंग

Nagpur News अमरनाथ यात्रा के लिए नागपुर के श्रद्धालुओं को इस बार दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। 3 जुलाई से शुरू होने वाली इस यात्रा के लिए पहले रजिस्ट्रेशन और मेडिकल प्रमाण-पत्र के लिए लंबी मशक्कत करनी पड़ी। अब कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। नागपुर से श्रीनगर जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट्स के किराए में भारी उछाल आया है, जबकि जम्मू और दिल्ली रूट की ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार जुलाई के पहले सप्ताह में नागपुर-श्रीनगर राउंड ट्रिप का हवाई किराया 34 हजार रुपए तक पहुंच गया है। दूसरी ओर रेल मार्ग से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत नहीं है। जम्मूतवी, अंडमान एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। कई दिनों तक नो-रूम की स्थिति बनी हुई है।
इसे जानें, कब कितना है राउंड फेयर
25 से 5 जुलाई : 22,500 से 26,760 रुपए
1 से 7 जुलाई : 28,000 से 34,000 रुपए
8 से 15 जुलाई : 17,000 से 24,000 रुपए
16 से 22 जुलाई : 16,000 से 25300 रुपए
23 से 31 जुलाई : 16,000 से 18,500 रुपए
(जानकारी : बुकिंग एजेंट्स एवं ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार)
इन ट्रेनों में सीटों का संकट
नवयुग एक्सप्रेस (16787) : जून, जुलाई और अगस्त तक नो-रूम
तिरुपति-जम्मू हमसफर (22705) : जून, जुलाई और अगस्त तक नो-रूम
अंडमान एक्सप्रेस (16031) : लंबी वेटिंग और कई दिनों में सीट उपलब्ध नहीं
हिमसागर एक्सप्रेस (16317) : जून, जुलाई और अगस्त तक नो-रूम
दिल्ली रूट पर भी दबाव : जम्मू जाने वाली ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली होकर आगे की यात्रा की योजना बना रहे हैं। इसका असर नागपुर-दिल्ली रूट की ट्रेनों पर भी दिखाई दे रहा है। अधिकांश प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग लगातार बढ़ रही है। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा के पहले दिन बाबा बर्फानी के दर्शन करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालु जून के अंतिम सप्ताह से ही नागपुर से रवाना होना शुरू कर देंगे। अनुमान है कि इस वर्ष भी नागपुर और विदर्भ से हजारों श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा में शामिल होंगे।
आगे और वृद्धि होगी : श्रीनगर के लिए सीधी उड़ान सेवा नहीं है। नागपुर-दिल्ली से कनेक्टिंग उड़ानों के जरिए श्रीनगर पहुंचना होता है। मौजूदा समय में उड़ानों में कटौती हुई है और ईंधन महंगा भी हुआ है। इसी वजह से फ्लाइट किराए में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी जा रही है, जबकि ट्रेनों में सीमित विकल्प होने से ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग है। हमें अंदेशा है कि आगे मांग बढ़ने से एयरलाइन कंपनियां दोबारा किराए में वृद्धि कर सकती हैं। -अजय जुनेजा, ट्रैवल एजेंट
Created On :   11 Jun 2026 11:24 AM IST















