Nagpur News: सुपर स्मेल्टर्स लगाएगा दस हजार करोड़ का स्टील प्लांट

सुपर स्मेल्टर्स लगाएगा दस हजार करोड़ का स्टील प्लांट
  • 19 हजार से ज्यादा रोजगार के होंगे अवसर, एमओयू जल्द
  • विदर्भ को बड़ी सौगात, अंतिम चरण में तैयारी

Nagpur News स्टील इंडस्ट्री में विदर्भ को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। देश की अग्रणी स्टील उत्पादन कंपनी सुपर स्मेल्टर्स लिमिटेड विदर्भ में करीब 10 हजार करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश करने जा रही है। कंपनी और राज्य सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कंपनी के बोर्ड स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मुंबई में मौजूद हैं। जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उच्चस्तरीय बैठक होगी। बैठक के बाद आगामी एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने निवेश के लिए वर्धा, चंद्रपुर या गड़चिरोली में से किसी एक जिले को प्राथमिकता देने की इच्छा जताई है। इस स्टील प्लांट के स्थापित होने से करीब 4 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 15 हजार से अधिक को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

प. बंगाल, झारखंड में प्लांट : सुपर स्मेल्टर्स लिमिटेड देश की जानी-मानी स्टील उत्पादक कंपनियों में शामिल है। कंपनी का मुख्यालय कोलकाता में है, जबकि इसके प्रमुख प्लांट पश्चिम बंगाल और झारखंड में संचालित हैं। विदर्भ में प्रस्तावित प्लांट कंपनी का तीसरा बड़ा स्टील प्रोजेक्ट होगा।

औद्योगिक विकास को नई रफ्तार : गौरतलब है कि हाल के वर्षों में विदर्भ में एस्सार स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील जैसी बड़ी कंपनियां निवेश कर चुकी हैं। अनुमान के अनुसार इन कंपनियों द्वारा कुल मिलाकर सवा लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है।

निवेश विदर्भ के लिए मील का पत्थर : सुपर स्मेल्टर्स लिमिटेड द्वारा विदर्भ में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी इस समय मुंबई में मौजूद हैं। राज्य सरकार और कंपनी के बीच बैठक के बाद औद्योगिक महोत्सव में एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। -डॉ. विजय कुमार शर्मा, सचिव, एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट


Created On :   3 Feb 2026 11:33 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story