राजनीति: परिणय फुके को बधाई देना पड़ा भारी, शिवसेना उद्धव गुट ने राजू हरणे को जिला प्रमुख पद से हटाया

परिणय फुके को बधाई देना पड़ा भारी, शिवसेना उद्धव गुट ने राजू हरणे को जिला प्रमुख पद से हटाया
  • बधाई देने वाले होर्डिंग्स पर हरणे की फोटो से नाराजगी
  • हरणे की नई राजनीतिक दिशा पर कार्यकर्ताओं की नजर
  • निष्ठा पर अक्सर उठते रहे हैं सवाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर । शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के जिला प्रमुख राजू हरणे को तत्काल पद से हटा दिया गया है। उत्तम कापसे को जिला प्रमुख नियुक्त किया गया है। कुछ दिन पहले भाजपा नेता परिणय फुके को जन्मदिन की बधाई देने वाले होर्डिंग्स पर हरणे की फोटो नजर आयी थी। माना जा रहा है कि, फुके को भाजपा पदाधिकारियों के साथ बधाई देना हरणे को भारी पड़ा।

अब नई राजनीति पर कार्यकर्ताओं की नजर : अब हरणे की नई राजनीतिक दिशा को लेकर कार्यकर्ताओं की नजर रहेगी। शिवसेना में काटोल, सावनेर व हिंगना विधानसभा क्षेत्र से 11 वर्ष तक जिला प्रमुख रहे हरणे को लेकर शिवसेना के स्थानीय नेताओं में असहज भाव अक्सर देखा जाता रहा है। कहा जाता रहा है कि, चुनाव के समय हरणे राजनीतिक तौर पर अधिक सक्रिय होकर अपनी ही पार्टी के नेताओं को परेशान करने लगते हैं। उनकी निष्ठा साफ नजर नहीं अाती है। पहले वे शिवसेना में एकनाथ शिंदे के करीबी दर्शाते रहे, लेकिन शिवसेना में विभाजन हुआ।

सांसद कृपाल तुमाने, विधायक आशीष जैस्वाल सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने शिंदे के नेतृत्व को स्वीकार किया। तब हरणे शिंदे के बजाय उद्धव ठाकरे के नेतृत्व पर ही विश्वास जताते रहे। उद्धव गुट में बने रहे, लेकिन बाद में उद्धव गुट के गिने-चुने पदाधिकारियों के साथ भी उनका खास समन्वय नहीं रहा। इस बीच काटोल क्षेत्र की राजनीति में लाभ पाने के लिए हरणे ने विविध दलों के नेताओं से संपर्क बढ़ाया। 2019 में मंत्री रहते हुए साकोली विधानसभा क्षेत्र से पराजित हुए परिणय फुके इन दिनों राजनीतिक समायोजन का प्रयास कर रहे हैं। सत्ता व संगठन में महत्व कम होते देख यह भी उम्मीद जतायी जा रही है कि, फुके की विधानसभा चुनाव की अगली उम्मीदवारी संकट में रह सकती है। ऐसे में फुके ने अपने गृह क्षेत्र काटोल पर भी नजर रखी है।

उद्धव तक शिकायत पहुंचते ही हटाया : बताया जा रहा है कि, फुके ने हरणे समान अन्य दलों के पदाधिकारियों से नजदीकी बनाकर अपनी राजनीतिक स्थिति सुधारने का प्रयास शुरू किया है। ऐसे मामलों की शिकायत उद्धव ठाकरे तक पहुंचते ही हरणे को तत्काल पद से हटा दिया गया है। यह भी दावा किया जा रहा है कि, फुके को बधाई देने वाले होर्डिंग में हरणे ही नहीं, प्रकाश वसु, सतीश शिंदे, समीर उमप, सुभाष कोठे सहित विविध दल व संगठन के पदाधिकारी हैं। ऐसे में यह कहना ठीक नहीं होेगा कि, केवल फुके को बधाई के कारण हरणे का पद गया।

Created On :   9 Feb 2024 6:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story