धोखाधड़ी: नौकरी दिलाने के नाम पर 12.65 लाख की ठगी

नौकरी दिलाने के नाम पर 12.65 लाख की ठगी
भाई-बहन ने झांसा देकर लगाई चपत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी भाई-बहन ने चार लोगों को 12.65 लाख रुपए की चपत लगा दी। आरोपी अलीशा आनंद कैथा और उसका भाई अंकित अानंद कैथा है। आरोपी भाई-बहन ने पीड़ितों को बताया कि, वे रेलवे में बड़े पद पर कार्यरत हैं और उनके बच्चों को रेलवे में नौकरी दिला सकते हंै। आरोपियों ने शिकायतकर्ता गणेशन सागर के बेटे को नौकरी दिलाने के बदले में करीब 3.25 लाख रुपए लिए। इस प्रकार आरोपी गणेशन सहित 4 लोगों से 12 लाख 65 हजार रुपए लेकर गायब हो गए। गणेशन सागर ने इसकी शिकायत की। मामले की छानबीन के करीब 5 माह बाद धंतोली पुलिस ने आरोपियों पर ठगी का मामला दर्ज किया है।

बताया नौकरी लगाने का अधिकार है

ठक्करग्राम, पांचपावली निवासी गणेशन सागर ने पुलिस को बताया कि, नरेंद्र उइके नामक व्यक्ति की पहचान उनके मित्र दीपक तुमडाम से हुई थी। दीपक के माध्यम से गणेशन और बाकी 3 अन्य लोगों की आरोपी अलीशा (23) और उसके भाई अंकित (21), संजीवनी क्वार्टर, यशोधरा नगर िनवासी से पहचान हुई। आरोपी भाई बहन ने गणेशन सहित अन्य तीन लोगों को बताया कि, वह रेलवे में कार्यरत हैं। उनके हाथ में नौकरी लगाने का अधिकार हैं। बेटे को रेलवे में नौकरी मिलने के चक्कर में गणेशन और बाकी तीन अन्य लोगों ने झांसे में आकर अलीशा और अंकित को करीब 12 लाख 65 हजार रुपए दे दिए। आरोपियों ने पैसे लेने के बाद उनके बच्चों को नौकरी नहीं दिलाई। आरोपियों ने 5 मई 2021 से 22 मई 2023 के बीच ठगी की।

घर को तालाबंद कर दोनों हुए गायब

नौकरी नहीं मिलने पर जब लोगों ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी घर को तालाबंद कर गायब हो गए, तब गणेशन सागर ने धंतोली थाने में मई 2023 में शिकायत की। उपनिरीक्षक नन्नावरे ने मामले की छानबीन कर 29 अक्टूबर 2023 को आरोपी भाई-बहन के खिलाफ धारा 420, 419, 465, 468, 471, 170, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Created On :   31 Oct 2023 8:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story