उत्पात: पुलिस की मुखबिरी करने के शक में पानठेलों को आग लगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की मुखबिरी करने के शक में पानठेलों को आग लगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
  • गंगा-जमुना सीमेंट रोड पर तीन पानठेला को लगाई थी आग
  • आग लगाने के बाद भागते हुए सीसीटीवी में हुए थे कैद
  • नाबालिग सहित दो आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पुलिस की मुखबिरी करने के शक में तीन आरोपियों ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर लकड़गंज इलाके में गंगा-जमुना सीमेंट रोड पर पेट्रोल डालकर तीन पानठेलों को आग लगा दी थी। इस मामले में लकड़गंज पुलिस ने नाबालिग सहित दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी समीर शेख (24), शास्त्री नगर, नंदनवन निवासी है। दो आरोपी फैजान अनवर शेख (24) और नीलेश विलासदास सोनवानी (28), निवासी गंगा-जमुना बस्ती, लकड़गंज फरार हैं।

फुटेज ने खोली पोल : गुप्त सूचना व फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया। यह आग लगाने के बाद भागते समय सीसीटीवी में कैद हुआ था। इस नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी समीर शेख को धर दबोचा। इन दोनों ने आरोपी फैजान अनवर शेख और नीलेश विलासदास सोनवानी के साथ मिलकर पानठेलों को आग लगाने की बात स्वीकार की।

वारदात के लिए महल क्षेत्र से चुराई एक्टिवा : पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, उन्हें शक था कि, शकील शेख उनके बारे में पुलिस के पास मुखबिरी करता है। घटना के समय उपयोग की गई एक्टिवा के बारे में आरोपी समीर शेख ने बताया कि, उसने महल क्षेत्र से चोरी की थी। काम पूरा होने के बाद एक्टिवा लावारिस छोड़कर भाग गया था। एक्टिवा चोरी की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वैभव जाधव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संदीप शिंदे, हवलदार सुखदेव गिरड़कर, नायब पुलिस सिपाही आनंद मरस्कोल्हे, स्वप्निल, शकील शेख, मयूर बंसोड़, योगेश ने कार्रवाई की।

यह है मामला : मिनीमाता नगर, जनता काॅलोनी, कलमना निवासी शकील शेख जुम्मन शेख (35), ने लकड़गंज थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शकील का बालाजी मंदिर के पास, कुमार ट्रांसपोर्ट के बगल में गंगा-जमुना सीमेंट रोड पर पानठेला है। उसके पानठेले के बाजू में आनंद धवन और मुकेश धवन का भी पानठेला है। गत 10 अप्रैल को तड़के करीब 4 बजे अज्ञात आरोपियों ने तीनों के पानठेलों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 436, 34 के तहत मामला दर्ज किया और मामले में छानबीन शुरू की।

Created On :   24 April 2024 9:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story