पदभर्ती: राज्य की जेलों में दो हजार पदों पर होगी जल्द नई भर्ती

राज्य की जेलों में दो हजार पदों पर होगी जल्द नई भर्ती
  • सिपाही से लेकर एसपी के पदों पर सरकार ने दी भर्ती को मंजूरी
  • पूरे रीजन में 4 डीआईजी थे, अब एक पोस्ट और बढ़ा दी गई है
  • मुख्यालय के डीआईजी के पद आईजी के पद में तब्दील

अभय यादव, नागपुर । किसी भी राज्य में अगर जेल न हो तो सोचा जा सकता है कि, वहां अपराध और अपराधियों की संख्या में कितनी बेतहाशा बढोतरी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार राज्य की कई जेलों में जल्द ही दो हजार नए पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें विदर्भ के 200 पदों का समावेश है। इससे जेलों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों का सिरदर्द कम होगा। मैन पावर बढने से जेल का कामकाज और बेहतर हो जाएगा। महाराष्ट्र कारागृह विभाग अंतर्गत मध्य विभाग में औरंगाबाद जेल विभाग का विभाजन कर दिया गया है। अब औरंगाबाद में अलग और नासिक में अलग जेल डीआईजी की नियुक्ति की जाएगी, इससे अब दो डीआईजी औरंगाबाद और नासिक अंतर्गत आने वाली जेलों की बागडोर संभालेंगे। राज्य में जिन दो हजार पदों की नई भर्ती की जाने वाली हैं, उसमें सिपाही, हवलदार, सूबेदार, एसपी और एडिशनल एसपी के पदों का समावेश है। इन पदों पर भर्ती की राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाने वाली है। राज्य की किसी भी जेल में अभी तक एसपी का एक पद था, अब जल्द हर जेल में एसपी के 2 पद होंगे।

बैठक में विदर्भ की सभी जेलो के अधिकारी हुए शामिल

सूत्रों के अनुसार हाल ही में राज्य के जेल विभाग के प्रमुख अमिताभ गुप्ता ने दक्षिण विभाग मुंबई, पूर्व विभाग नागपुर, मध्य विभाग औरंगाबाद, पश्चिम विभाग पुणे आदि जगह की जेलों के अधीक्षकों की बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने जेल अधीक्षकों से कई मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में जानकारी दी गई कि, राज्य की जेलों में जल्द ही 2 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। बैठक में शामिल विदर्भ की जेल के कुछ अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि, दो हजार नई भर्ती के लिए जेल एडीजी गुप्ता ने जब से पदभार संभाला, तब से वे प्रयास में लगे हैं। गुप्ता की इस जानकारी से विदर्भ के अलावा राज्य की अन्य जेलों के अधिकारियों और कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान आ गई है। विदर्भ के जेलों में अधिकारी-कर्मचारियों के 200 से अधिक पद रिक्त हैं।

कई पदों को मिली बढोतरी

सूत्रों के अनुसार पूरे रिजन में 4 डीआईजी थे अब एक पोस्ट और बढ़ा दी गई है, एक पोस्ट बढा जाने से अब रिजन में 5 डीआईजी हो जाएंगे। जेल मुख्यालय के डीआईजी के पद को आईजी पद में तब्दील कर दिया गया है। सेंट्रल महाराष्ट्र में सीनियर एसपी के 10 पद थे, अब दो पद और बढ़ाने से पद संख्या 12 हो गई है। पुणे में आयुक्त की कमान संभाल चुके आईपीएस अधिकारी अमिताभ गुप्ता को राज्य के अतिरिक्त जेल महानिदेशक के रूप में कार्यभार सौंपा गया है। गौरतलब है कि, राज्य में 9 सेंट्रल जेल, 28 जिला जेल, 19 खुली जेल, एक बोर्स्टल जेल, 1 विशेष जेल, 1 महिला जेल और करीब 100 उपजेल संचालित हो रही हैं। इन जेलों में रेगुलर पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इन पदों पर नई नियुक्ति होेने से अधिकारी-कर्मचारियों पर पड़ने वाला अतिरिक्त बोझ कम हो जाएगा।

Created On :   14 Nov 2023 7:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story