धोखाधड़ी: अज्ञात साइबर अपराधी ने डेबिट कार्ड से की ऑनलाइन खरीदारी, पूर्व विधायक को लगा 1 लाख का चूना

अज्ञात साइबर अपराधी ने डेबिट कार्ड से की ऑनलाइन खरीदारी, पूर्व विधायक को लगा 1 लाख का चूना
  • गणेशपेठ थाने में मामला दर्ज
  • 1 लाख रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली

डिजिटल डेस्क, नागपुर. पूर्व विधायक दीनानाथ पडोले साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गए हैं। किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने उनके डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर 1 लाख रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। मामला सामने आने के बाद गणेशपेठ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस दर्ज नंबरों और ट्रांजैक्शन विवरण के आधार पर मामले की जांच कर रही है, हालांकि फिलहाल आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

घटना 1 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 के बीच की है। जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक दीनानाथ पडोले फुटाला मार्ग स्थित एक दुकान में कुछ सामान खरीदने गए थे। खरीदारी के बाद उन्होंने ऑनलाइन बिल का भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन भुगतान विफल (फेल) हो गया। बार-बार प्रयास करने पर उनके मोबाइल पर संबंधित बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से एक संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में बताया गया कि वे दिनभर की निर्धारित 1 लाख रुपये की सीमा तक खरीदारी कर चुके हैं, इसलिए इससे अधिक का लेन-देन (ट्रांजैक्शन) एक दिन में नहीं किया जा सकता।

यह संदेश देखकर पूर्व विधायक हैरान रह गए, क्योंकि उन्होंने दिनभर में इतनी बड़ी राशि की कोई खरीदारी नहीं की थी। इसके बाद जब उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जाकर पड़ताल की, तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम पर 50-50 हजार रुपये की दो अलग-अलग ऑनलाइन खरीदारी की है।

आशंका जताई जा रही है कि किसी साइबर अपराधी ने उनका बैंक खाता, डेबिट कार्ड विवरण या मोबाइल नंबर हैक कर इस वारदात को अंजाम दिया है। गणेशपेठ पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।

Created On :   6 Oct 2026 9:43 PM IST

Tags

Next Story