नागपुर: वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव - विधि विधान के साथ संपन्न, दृष्टि सीधी होनी चाहिए

वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव - विधि विधान के साथ संपन्न, दृष्टि सीधी होनी चाहिए
  • वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन
  • विधि विधान के साथ संपन्न, दृष्टि सीधी होनी चाहिए

डिजिटल डेस्क, नागपुर | श्री सैतवाल जैन संगठन मंडल अंतर्गत श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर महावीर नगर में वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन वात्सल्य रत्नाकर मुनिश्री स्वात्मनंदीजी गुरुदेव के सानिध्य में धार्मिक विधि विधान के साथ संपन्न हुआ। श्रीजी का अभिषेक और शांतिधारा गुरुदेव के सानिध्य में संपन्न हुई। शांतिधारा करने का सौभाग्य नितिन नखाते और प्रतीक भेलांडे परिवार को प्राप्त हुआ। दुग्धाभिषेक उषा अजीत कहाते ने किया। मूलनायक 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की प्रतिमा विराजमान करने का सौभाग्य जगदीश गिल्लरकर, बाहुबली भगवान प्रतिमा अनिता किशोर धोपाडे, 16 वें तीर्थंकर शांतिनाथ भगवान की प्रतिमा शुभांगी सुभाष कुकेकर, 20 वें तीर्थंकर भगवान की प्रतिमा पीहु पीयूष तुपकर, प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ भगवान की प्रतिमा प्रणिता श्रीकांत मानेकर, 23वें तीर्थंकर पारसनाथ भगवान की प्रतिमा मंगला सोईतकर को नई वेदी पर विराजमान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। पं. संजय सरस ने मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक विधि संपन्न की।

वातावरण बना भक्तिमय : संगीतकार मिनी जैन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया था। दीप प्रज्जवलन व आचार्यश्री शांतिसागरजी गुरुदेव और आचार्यश्री आर्यनंदीजी गुरुदेव के चित्र का अनावरण अखिल दिगंबर जैन सैतवाल संस्था के राष्ट्रीय महामंत्री नितीन नखाते, अ.दि.जैन सैतवाल संस्था मध्यप्रदेश के महामंत्री देवेंद्र राऊलकर, उमेश मोदी भैसदेही, दिलीप राखे ने किया। गुरुदेव का चरण प्रक्षालन सुभाष येलवटकर और जिनवाणी भेंट प्रा.उमेशचंद्र सरोदय को सौभाग्य प्राप्त हुआ। मंगलाचरण महिला शाखा द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश मारवड़कर ने किया।

दृष्टि सीधी होनी चाहिए

गुरुदेव ने एक कथा के माध्यम से अपने संबोधन में सत्य, त्याग का जीवन में महत्व बताया। सत्य, संयम, त्याग की धारणा जीवन में होनी चाहिए। गुरुदेव ने कहा दृष्टि सीधी होनी चाहिए। मिथ्यात्व के साथ क्रोध, मान, माया आती है। भगवान की प्रतिष्ठा होने के बाद उसे निकालते नहीं। देव, शास्त्र, गुरु के बिना कहीं भी दृष्टि नहीं होना चाहिए।

अवतरण दिवस आज

श्री सैतवाल जैन संगठन मंडल, अखिल दिगंबर जैन सैतवाल संस्था द्वारा रविवार 17 मार्च को तीर्थरक्षाशिरोमणी आचार्यश्री आर्यनंदीजी गुरुदेव 117वें अवतरण दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन संगठन मंडल के ग्रेट नाग रोड, महावीरनगर स्थित सभागृह में किया गया है। सुबह 8 बजे मंदिर से प्रभातफेरी निकलेगी। उसके बाद गुरुपूजन, दीप प्रज्जवलन और उद्घाटन होगा।

Created On :   17 March 2024 10:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story