- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बुजुर्ग महिला को डराया और पहलगाम...
डिजिटल अरेस्ट: बुजुर्ग महिला को डराया और पहलगाम हमले के लिए फंड जमा करने की धौंस देकर ऐंठे 30.50 लाख रुपए

Nagpur News. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के लिए फंड जमा करने का आरोप लगाकर साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर उससे 30 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए। इस मामले में शुक्रवार को साइबर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस बरामद मोबाइल और बैंक खातों के आधार पर जांच कर रही है।
पीड़ित 60 वर्षीय महिला दक्षिनामूर्ति चौक क्षेत्र की निवासी है। 18 अप्रैल 2026 की दोपहर उसे एक साइबर अपराधी ने फोन किया। आरोपी ने खुद को लखनऊ एटीएस का अधिकारी संदीप राव बताते हुए महिला को डराया-धमकाया। उसने कहा कि महिला के नाम पर मुंबई स्थित आईसीआईसीआई बैंक में एक खाता है, जिसका इस्तेमाल पहलगाम आतंकी हमले के लिए आर्थिक फंड जुटाने में किया गया है।
आरोपी ने महिला से कहा कि जांच के दौरान उसका नाम सामने आया है और मामला मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा होने के कारण उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उसे “डिजिटल अरेस्ट” किए जाने की बात कहकर मानसिक दबाव बनाया गया।
साइबर अपराधी ने यह भी धमकी दी कि यदि मामला नहीं निपटाया गया तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा। महिला को पूरे मामले की जानकारी किसी को न देने की चेतावनी भी दी गई।
डर और दबाव में महिला 18 से 24 अप्रैल तक कथित डिजिटल अरेस्ट की स्थिति में रही। इस दौरान आरोपी ने व्हाट्सऐप पर फर्जी वारंट और अन्य दस्तावेज भेजे। घबराई महिला ने आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में 30 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
राशि भेजने के बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खातों के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी है।
Created On :   8 May 2026 6:20 PM IST












