नागपुर: मुख और दांतों की देखभाल कर बचा सकते हैं, डेंटल में स्वास्थ्य पर कार्यक्रम

मुख और दांतों की देखभाल कर बचा सकते हैं, डेंटल में स्वास्थ्य पर कार्यक्रम
  • मुख से की गई सामग्री के सेवन का असर पूरे शरीर पर होता
  • मुख स्वास्थ्य की देखभाल जरूरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शरीर के प्रवेश द्वार का काम मुख से होता है। मुख से की गई सामग्री के सेवन का असर पूरे शरीर पर होता है। वैसे ही मुख की स्थिति का असर शरीर के विविध हिस्सों पर होता है। पाचनसंस्था, हृदय, रक्तनलिकाएं आदि पर असर होता है। इसलिए मुख स्वास्थ्य की देखभाल जरूरी है। मुख स्वास्थ्य की देखभाल नहीं करने पर दातों की समस्याएं, मसूढ़ों के विकार, मुख से दुर्गंध आना आदि बीमारियां होती हैं।

इसके अलावा मधुमेह, हृदयरोग व गर्भधारणा में भी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। यह बात शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (डेंटल) के अधिष्ठाता डॉ. अभय दातारकर ने डेंटल में मुख स्वास्थ्य विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कही । डॉ. दातारकर ने कहा कि मुख व दांतों के स्वास्थ्य की सही तरीके से देखभाल की गई तो, कई तरह की बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। नियमित व योग्य पद्धति से ब्रशिंग, फ्लॉसिंग, नियमित दंत जांच नहीं किए जाने से कुछ समय बाद बीमारियां होती है। इसलिए मौखिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना जरूरी है।

मुख स्वास्थ्य व शरीर पर अध्ययन जरूरी : डॉ. राजेश देशमुख ने मधुमेह के मरीजों को मुख स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि अनियंत्रित मधुमेह के कारण मुख स्वास्थ्य के साथ ही पूरे शरीर पर असर होता है। इस विषय को लेकर विविध जानकारी दी गई। विभाग प्रमुख डॉ. मंगेश फडनाईक ने कहा कि मौखिक स्वास्थ्य व परिपूर्ण शरीर स्वास्थ्य दोनों का अध्ययन करने की आवश्यकता है, ताकि मौखिक स्वास्थ्य के बिगड़ने से शरीर पर क्या प्रभाव होता है, इसका पता चल सकेगा।

मुंह की भूमिका काफी महत्वपूर्ण : डॉ. फडनाइक ने कहा कि मुख स्वच्छता हमारे दैनिक जीवन की जिम्मेदारी है। हमारे शरीर में मुंह की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। केवल दांतों की बीमारी व सांस की दुर्गंध तक ही मुख की बीमारियां सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर शरीर के अनेक हिस्सों में होकर बीमारियां हो सकती है। बातचीत के अलावा सामाजिक संवाद भी प्रभावित होता है। इस अवसर पर विविध स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. वैभव कारेमोरे, डॉ. विवेक ठोंबरे समेत बड़ी संख्या में डॉक्टर्स व विद्यार्थी उपस्थित थे। संचालन डॉ. पायल निनावे ने व डॉ. दीपक गावंडे ने किया। आभार डॉ. कल्पक पीटर ने माना।


Created On :   8 April 2024 3:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story