Delhi News: कसारा-मनमाड मार्ग पर तीसरी व चौथी लाइन बिछाने को मिली हरी झंडी

कसारा-मनमाड मार्ग पर तीसरी व चौथी लाइन बिछाने को मिली हरी झंडी
परियोजना पर खर्च होंगे 10,154 करोड़ रूपए

Delhi News महाराष्ट्र में रेल नेटवर्क के जाल को और विस्तार देने के लिए कसारा–मनमाड रेलखंड पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की राह तैयार हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 10,154 करोड़ रुपए खर्च होंगे और यह ठाणे व नाशिक जिलों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाएगी। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने रेल क्षेत्र में दो और मल्टी ट्रैकिंग परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। तीनों परियोजनाओं पर लगभग 18509 करोड़ रूपए का व्यय होगा। इसमें कसारा-मनमाड के अलावा दिल्ली अंबाला और बल्लारी होसापेट खंडों पर तीसरी और चौथी लाइन बिछेगी।

केंद्रीय रेल व सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में कसारा-मनमाड में तीसरी और चौथी लाइन बिछाई जाएगी। यह 131 किलोमीटर लंबी परियोजना मुंबई-हावड़ा हाई डेंसिटी रूट को चौगुना करने की व्यापक योजना का हिस्सा है । परियोजना को पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद कसारा-इगतपुरी खंड में बैंकिंग इंजन की जरूरत नहीं रहेगी। इससे संचालन लागत घटेगी और समय की बचत होगी। साथ ही हर साल लगभग 46.1 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई संभव होगी। वैष्णव ने कहा कि इस मार्ग पर यात्री और मालगाड़ियों का भारी दबाव है। अतिरिक्त लाइन बनने से ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस परियोजना से त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, भावली डैम और श्री घाटनदेवी मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक रेल संपर्क बेहतर हो सकेगा। इससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही निर्माण चरण में लगभग 89 लाख मानव दिवस रोजगार सृजित होने का अनुमान है ।


Created On :   14 Feb 2026 7:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story