भारतमंडपम: शुरू हुआ टूल्स एंड इक्विपमेंट एक्सपो-2026, 23 बिलियन अमेरिकी डॉलर का है वैश्विक कटिंग टूल बाजार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली स्थित भारतमंडपम में गुरूवाार को तीन दिवसीय 'टूल्स एंड इक्विपमेंट एक्सपो 2026' (टीएईई) का आगाज हुआ। 'इन्फॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया' द्वारा आयोजित इस एक्सपो में हैंड टूल्स, पावर टूल्स, कटिंग एवं वेल्डिंग तकनीक और स्मार्ट ऑटोमेशन से जुड़े नवीनतम समाधान प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी में जर्मनी, चीन, ताइवान और हांगकांग की महत्वपूर्ण भागीदारी भारत की विनिर्माण आपूर्ति श्रृंखला के भीतर तकनीकी को तेजी से अपनाने में मदद कर रही है।
केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में एनपीसी-डीपीआईआईटी के उप निदेशक यदु कुमार यादव ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के विनिर्माण विकास का अगला चरण एमएसएमई को लीन मैन्युफैक्चरिंग से इंडस्ट्री 4.0 और आईओटी आधारित प्रणालियों की ओर ले जाने पर निर्भर करेगा। पिछले एक दशक में लीन मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से एमएसएमई के उत्पादों, प्रक्रियाओं और प्रणालियों को एकीकृत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया था, और अब यह ध्यान डिजिटल एकीकरण के अगले स्तर की ओर बढ़ रहा है।
इंडियन कटिंग टूल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव पीजी सुब्रमण्यम ने कहा, "देश में बढ़ते विनिर्माण बाजार के दम पर भारतीय कटिंग टूल उद्योग एक परिवर्तनकारी दौर से गुजर रहा है। वैश्विक कटिंग टूल बाजार वर्तमान में लगभग 23 बिलियन अमेरिकी डॉलर का है और 2030 तक इसके लगभग 30 बिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि उद्योग के अनुमानों के अनुसार भारत की हिस्सेदारी वर्तमान में इस बाजार में केवल 15 प्रतिशत के आसपास है।
योगेश मुद्रास, प्रबंध निदेशक, इन्फॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने कहा कि ऐसे समय में जब भारत का टूल्स और इक्विपमेंट क्षेत्र विकास के एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर रहा है, प्रदर्शकों, आगंतुकों और उद्योग हितधारकों की मजबूत भागीदारी के साथ 'टूल्स एंड इक्विपमेंट एक्सपो 2026' की शुरुआत देखना बेहद उत्साहजनक है। वर्तमान में भारत का हैंड और पावर टूल्स का निर्यात लगभग 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर है, और 2035 तक इसे 25 बिलियन डॉलर से अधिक तक बढ़ाने की क्षमता है; ऐसे में भारत की विनिर्माण और निर्यात क्षमताओं को मजबूत करने का अवसर बहुत बड़ा है।
Created On :   17 Sept 2026 7:33 PM IST










