- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोला
- /
- अकोला में ट्रक पलटने से 1 की मौत,...
अकोला में ट्रक पलटने से 1 की मौत, औरंगाबाद में 50 घायल

डिजिटल डेस्क,अकोला। अकोला बाभुलगांव के पास टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर ट्रक के पलटने से एक युवक की मौत हो गई जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बाभुलगांव से एमआईडीसी काम पर आ रहे कुछ मजदूर ट्रक की चपेट में आ गए। घायलों को उपचार के लिए सर्वोपचार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह ईंट बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली राख लेकर एक ट्रक अकोला से बोरगांव की ओर जा रहा था। ट्रक अभी जवाहर नवोदय विद्यालय के पास पहुंचा ही था कि ट्रक के सामने का टायर फट गया जिससे ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और वह पलट गया। घटना के दौरान एमआईडीसी में काम पर जा रहे दो दुपहिया पर सवार चार युवक तथा वहां खडे़ कुछ लोग पलटी खा रहे ट्रक की चपेट में आ गए। जिसमें बाभुलगांव निवासी सलमान खान अयूब खान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं शेख मेहबूब, शेख शकील शेख खलील, शेख अकील शेख रऊफ, बाबू पठान, जय माला सोनोने गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एमआईडीसी पुलिस निरीक्षक किशोर शेलके अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा कर मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को उपचार के लिए सर्वोपचार अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के कारण महामार्ग का यातायात तकरीबन आधे घंटे तक बाधित रहा। यातायात को सुचारू करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सड़क हादसे में 50 घायल
इधर, औरंगाबाद -जलगांव महामार्ग पर अजंता के पास वाघुर नदी पुल के पास दो वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 50 लोग घायल हो गए। इनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को औरंगाबाद के घाटी और जलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि सोमवार की रात औरंगाबाद से जलगांव जा रही एस.टी बस ने बालापुर से मक्का लेकर जा रहे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक दिलीप सातफले स्टेयरिंग में दबकर तथा ट्रैक्टर में सवार इकबाल खान, नसीब खान शकील खान गंभीर रूप से घायल हो गए। लगभग 33 लोगों को उपचार के लिए जलगांव, औरंगाबाद, सिल्लोड़ रवाना किया गया।
दुर्घटना के समय मक्का रास्ते पर फैल गई। कुछ बोरियां सीधे एसटी में चली गई थी। इस कारण रास्ते के दोनों ओर कुछ समय के लिए जाम लग गया। ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।



Created On :   7 Nov 2017 10:37 AM GMT