- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोला
- /
- ओबीसी आरक्षण के पेच में उलझ सकते...
ओबीसी आरक्षण के पेच में उलझ सकते हैं मनपा चुनाव

डिजिटल डेस्क, अकोला। महानगरपालिका के चुनाव फरवरी 2022 में संभावित माने जा रहे है, लेकिन अभी तक प्रभाग रचना व आरक्षण का कार्यक्रम राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी न किए जाने से चुनाव समय पर होना मुश्किल नजर आ रहा है। इस बीच ओबीसी आरक्षण की वजह से भी मनपा चुनाव की उलझन बढ़ सकती है। मनपा के आगामी चुनाव में 91 में से 42 सीटें आरक्षित होने की संभावना है, लेकिन ओबीसी का 27 प्रतिशत आरक्षण फिलहाल सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से फंस गया है।
सन 2011 की जनसंख्या अनुसार आरक्षित रहेंगी सीटें
महानगरपालिका में वर्तमान में 20 प्रभाग तथा 80 पार्षद है, लेकिन आगामी चुनाव को लेकर बहुसदस्यीय प्रभाग पध्दति से चुनाव लेने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया। साथ ही स्थानिक स्वराज्य संस्थाओं की सदस्य संख्या भी जनसंख्या के आधार पर बढ़ाई गई। इस कारण अब 91 सदस्य अकोला मनपा में चुने जाएंगे। इस कारण प्रभागों की संख्या तीन सदस्यीय प्रभाग पध्दति व बढ़ाए गए सदस्यों के आधार पर निर्धारित होगी। 30 प्रभाग रहने की संभावना है। इसी के साथ आरक्षण भी सन 2011 की जनसंख्या के आधार पर ही निश्चित होगा। संभावना है कि 91 में से 42 सीटें याने 45 सीटें आरक्षित होगी। इसमें अनुसूचित जाति के लिए 13.65 प्रतिशत याने 15 सीटें, अनुसूचित जनजाति के लिए 1.82 प्रतिशत याने दो सीटें आरक्षित हो सकती है। ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण के तहत 25 सीटें आरक्षित हो सकती है, लेकिन आरक्षण को लेकर सुप्रिम कोर्ट के आए निर्णय से ओबीसी आरक्षण को लेकर उलझन बढ़ी है। आरक्षण के अलावा 49 सीटें खुले प्रवर्ग से चुनी जा सकती है।
पार्षद गणित जोड़ने की तैयारी में
प्रभाग रचना का कच्चा ढांचा मनपा ने राज्य चुनाव आयोग की ओर भेजा है। पश्चात प्रभाग रचना की स्थिति जानने की होड़ पार्षदों में लगी हुई है। कौन सा परिसर और कौन से वोटर अपने प्रभाग में आएंगे इसका गणित जोड़ने में पार्षद जुट गए है। प्रभाग रचना का काम मनपा के ही अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा किया गया है, जिससे उसकी गोपनीयता को लेकर भी पार्षदों में चर्चा व्याप्त है। प्रभाग रचना को लेकर तर्क-वितर्क लगाए जा रहे है। अब वास्तविक स्थिति राज्य चुनाव आयोग द्वारा प्रभाग रचना व आरक्षण कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मनपा क्षेत्र की जनसंख्या 5 लाख 37 हजार
सन 2011 की जनसंख्या अनुसार अकोला शहर व सीमावृध्दि क्षेत्र मिलाकर 5 लाख 37 हजार 137 जनसंख्या है, लेकिन पिछले दस सालों में अकोला शहर की जनसंख्या काफी बढ़ी है। वहीं बाहरी क्षेत्रों से अकोला में आकर बसनेवालों का प्रमाण भी बढ़ा है। इस कारण जनसंख्या के आंकडे के आसपास मतदाताओं की संख्या पहुंचने के आसार है। मतदाता सूची अंतिम होने के बाद इसका पूरा चित्र स्पष्ट होगा।
Created On :   8 Dec 2021 4:55 PM IST