चलते मैच के दौरान मैदान में दौड़ाकर चाकू से बोला हमला

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
सिवनी चलते मैच के दौरान मैदान में दौड़ाकर चाकू से बोला हमला

डिजिटल डेस्क,सिवनी। शहर के बड़े मिशन स्कूल मैदान में चल रहे क्रिकेट मुकाबले के दौरान एक खिलाड़ी पर चाकू से किए गए जानलेवा हमले से रविवार को मौके पर अफरातफरी की स्थिति निर्मित हो गई। मैच खेल रहे खिलाड़ी को मैदान में दौड़ाकर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में चाकू सहित अन्य हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घायल खिलाड़ी बरघाट निवासी अंशुल पवार पिता महेश पवार (26) को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है। घायल भारतीय जनता युवा मोर्चा का बरघाट मंडल का अध्यक्ष बताया जा रहा है। कोतवाली पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े सैकड़ों दर्शकों की मौजूदगी में अंजाम दी गई इस घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। 

अचानक आए, स्टम्प उखाड़ा

जानकारी के अनुसार बड़ा मिशन मैदान में चल रही सिवनी प्रीमियर लीग टेनिस बॉल प्रतियोगिता का दोपहर मैच चल रहा था। बरघाट निवासी अंशुल बरघाट की टीम की ओर से खेल रहा था। दोपहर साढ़े तीन बजे के लगभग हाथ में चाकू आदि हथियार लहराते हुए शमशेर खान, दानिश व उनके अन्य साथी मैदान में घुस गए। उनसे बचने के लिए अंशुल भागा, जिसके पीछे चलते मैच के दौरान हमलावर भी दौड़े। उन्होंने स्टम्प उखाड़ लिया और चाकू से अंशुल पर हमला कर दिया। वह आरोपियों से बचकर मंच पर चढ़ गया, जहां आरोपी भी पहुंच गए और हमला कर मौके से फरार हो गए।

सकते में रहे दर्शक

चलते मैच के दौरान अंजाम दी गई घटना से मैदान के चारों ओर मौजूद दर्शक सकते में आ गए। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे शाम को नागपुर रेफर किया गया है। बताया गया कि उसे कमर के पास चाकू के तीन वार किए गए हैं और सात टांके आए हैं। घटना के बाद भाजयुमो के पदाधिकारी अस्पताल पहुंच गए थे। दिनदहाड़े अंजाम दी गई घटना को लेकर आक्रोश जताया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।

हुआ था विवाद

कोतवाली टीआई महादेव नागोतिया से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई थी। बताया गया कि आरोपियों व घायल का किसी बात को लेकर शनिवार को बरघाट में विवाद भी हुआ था। घटना के बाद मैच स्थगित कर दिया गया था।
 

Created On :   2 Jan 2023 9:46 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story