Satna News: मैहर जिले के कोतवाली क्षेत्र में 71 हजार के गांजा और सिरप के साथ दंपति गिरफ्तार

मैहर जिले के कोतवाली क्षेत्र में 71 हजार के गांजा और सिरप के साथ दंपति गिरफ्तार
मैहर के बाद रामनगर में नशे पर पुलिस का प्रहार

डिजिटल डेस्क,सतना। मैहर जिले के कोतवाली क्षेत्र में 23 फरवरी की रात को कार में 4 लाख 75 हजार के गांजा और नशीले सिरप समेत पकड़े गए आरोपी सुरेन्द्र पटेल, अंकुश जायसवाल और अमन उर्फ अंकुश कुशवाहा से पूछताछ में मिले सुराग पर रामनगर पुलिस ने नशे के काले धंधे में लिप्त अमिलिया गांव के शंभू पटेल पुत्र गोविंद पटेल 34 वर्ष और उसकी पत्नी तुलसा पटेल 30 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के कब्जे से 71 हजार 120 रुपए का 4 किलो 370 ग्राम गांजा, 120 शीशी कफ-सिरप और दो मोबाइल फोन जब्त कर एनडीपीएस व ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों को बुधवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।

सुरेन्द्र ने पांच दिन पहले दिया था नशे का सामान

उक्त जानकारी देते हुए टीआई विजय त्रिपाठी ने बताया कि मैहर में पकड़े जाने के बाद आरोपी सुरेन्द्र ने खुलासा किया था कि अवैध कारोबार में शंभू और उसकी पत्नी भी पार्टनर है, जिनके पास 5 दिन पहले ही उसने सिरप और गांजा की खेप पहुंचाई थी, दोनों घर से ही फुटकर बिक्री करते हैं।

इसी बयान पर जब छापामार कार्रवाई की गई तो नशे का सामान बरामद हो गया। मैहर और रामनगर के अलावा जिले में सक्रिय कई अन्य तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए पुख्ता रणनीति बनाई जा रही है।

Created On :   26 Feb 2026 4:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story