Satna News: सलाखों के पीछे भेजा गया हत्या की कोशिश का आरोपी

सलाखों के पीछे भेजा गया हत्या की कोशिश का आरोपी
इस मामले में 8 आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।

डिजिटल डेस्क,सतना। सिटी कोतवाली पुलिस ने कट्टे से फायर कर हत्या की कोशिश करने के आरोपी को 8 माह बाद गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इस मामले में 8 आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि 1 जुलाई 2025 की शाम को महदेवा रोड-धवारी में कैलाश पयासी की दुकान पर पहुंचे 8-10 सरहंगों ने पुरानी रंजिश पर गाली-गलौज करते हुए हत्या के इरादे से विवेक प्रताप सिंह, प्रशांत चौधरी और नीरज तिवारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के साथ रॉड-लाठी से हमला किया था, जिसमें पीडि़तों को गंभीर चोट आई थी।

यह घटना सामने आने पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने अलग-अलग समय पर 8 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया, लेकिन प्रशांत सिंह राठौर उर्फ प्रिंस पुत्र शंभू सिंह 25 वर्ष, निवासी सितपुरा हाल उमरी, थाना नागौद, फरार हो गया। वह पहचान बदलकर अलग-अलग जगह फरारी काट रहा था।

अंतत: 8 महीने बाद मुखबिर से पक्की सूचना मिलने पर उमरी में दबिश देते हुए आरोपी प्रशांत उर्फ प्रिंस को पकड़ लिया गया, जिसके कब्जे से बाइक भी बरामद की गई है। इस वारदात में शामिल दसवें आरोपी हिमांशु भटनागर की पुलिस को अब भी तलाश है, उस तक पहुंचने के लिए सरगर्मी से प्रयास किए जा रहे हैं।

Created On :   26 Feb 2026 4:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story