दो माह में 135 करोड़ बकाया टैक्स वसूलने की चुनौती

Challenge of recovering 135 crore outstanding tax in two months in front of Akola Municipality
दो माह में 135 करोड़ बकाया टैक्स वसूलने की चुनौती
अकोला मनपा दो माह में 135 करोड़ बकाया टैक्स वसूलने की चुनौती

डिजिटल डेस्क, अकोला। वित्तीय वर्ष 2021-22 में अकोला महानगरपालिका के सामने बकाया समेत वर्तमान वर्ष का संपत्ति कर मिलाकर 204 करोड़ 69 लाख वसूलने का लक्ष्य रहा, जिसमें से 69 करोड़ 47 लाख रूपए वसूले गए। किंतु अभी भी 135 करोड़ रूपए वसूलने की चुनौती मनपा के सामने है। वसूली के लिए दो माह का समय शेष बचा है, लेकिन जनवरी माह में कम वसूली हुई है। दिसंबर माह में 14 करोड़ रूपए के करीब टैक्स वसूला गया, लेकिन जनवरी माह में बड़ी मुश्किल से पौने दो करोड़ ही वसूले जा सके। अकोला महानगरपालिका अधिकारी, कर्मचारियों का वेतन संपत्ति कर वसूली पर निर्भर है, जिससे मनपा प्रशासन का जोर टैक्स वसूली पर रहता है। वसूली बढ़े इसलिए मनपा की ओर से बार-बार शास्ती अभय योजना भी चलाई गई। साथ ही सील की कड़ी कार्रवाइयां की गई। दिसंबर माह में शास्ती अभय योजना का अंतिम अवसर होने से नागरिकों का भारी प्रतिसाद मिला। 31 दिसंबर को योजना का अंतिम दिन होने से नागरिकों ने 14 करोड़ के करीब भुगतान किया। बता दें कि जून माह में 11 करोड़ 50 लाख रूपए तथा जुलाई माह में सबसे अधिक 14 करोड़ 28 लाख रूपए वसूले गए थे। अन्य महीनों में भी हर माह लगभग 4 करोड़ के करीब टैक्स वसूला जा रहा, लेकिन जनवरी में वसूली का ग्राफ तेजी से गिरा है। माहभर में पौने दो करोड़ ही वसूले गए। 

वित्तीय वर्ष 2021-22 शुरू होने से पूर्व संपत्तिधारकों पर 128 करोड़ 5 लाख रूपए टैक्स बकाया था। वहीं नए वित्तीय वर्ष का 76 करोड़ 63 लाख रूपए की मांग मिलाकर 204 करोड़ 69 लाख रूपए वसूली का लक्ष्य मनपा के सामने है। इसमें से अब तक 69 करोड़ 47 लाख रूपए वसूले गए। अब तक के वित्तीय वर्षों की वसूली के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो पहली बार 50 करोड़ का आंकड़ा पार हुआ है। किंतु इस बार फरवरी माह की शुरूआत में 70 करोड़ का आंकड़े तक मनपा पहुंची है। अभी दो माह शेष है, जिसमें हर साल रिकार्ड वसूली होती है। इस कारण मनपा 100 करोड़ का आंकड़ा भी छू सकती है, लेकिन मनपा चुनाव का बिगुल बजने पर वसूली पर असर पड़ने के आसार है। 

Created On :   9 Feb 2022 12:42 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story