नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव : पांढुर्ना, हर्रई में बीजेपी, दमुआ में कांग्रेस विजयी

Municipal vice president election results
नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव : पांढुर्ना, हर्रई में बीजेपी, दमुआ में कांग्रेस विजयी
नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव : पांढुर्ना, हर्रई में बीजेपी, दमुआ में कांग्रेस विजयी

डिजिटल डेस्क,पांढुर्ना। एमपी में हुए नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनावों में बीजेपी को पांढुर्ना, हर्रई में जीत मिली तो दमुआ में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। बुधवार को हुए इन चुनावों में मतदान के बाद शाम तक नतीजे आ गए। 

पांढुर्ना नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव 

बीजेपी के वरिष्ठ पार्षद और नगर अंत्योदय समिति के अध्यक्ष अरुण भोसले बीजेपी में फूट के बावजूद नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। बुधवार की दोपहर नगर पालिका सभागृह में चुनाव प्रक्रिया हुई। बीजेपी से अरुण भोसले, कांग्रेस से पिंटू कोल्हे के साथ बीजेपी के बागी पार्षद आकाश सांबारे ने नामांकन भरा। 31 सदस्यों वाली परिषद में उपाध्यक्ष के लिए हुए मतदान में अरूण भोसले को 13, पिंटू कोल्हे को 10 और आकाश सांबारे को 8 वोट मिले।

नगर पालिका के 31 सदस्यों में बीजेपी के 19 पार्षद, कांग्रेस के 11 पार्षद और अध्यक्ष पद पर एक निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। कांग्रेस प्रत्याशी पिंटू कोल्हे को 10 वोट मिले। कांग्रेस को अधिकारिक रूप से एक वोट कम मिला। दूसरी ओर बीजेपी के अधिकृत उम्मीदवार को 19 के स्थान पर 13 वोट मिले। बीजेपी को अधिकारिक रूप से 6 वोट कम मिले। अध्यक्ष के वोट को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई।

दमुआ में कांग्रेस के गंगाधर उपाध्यक्ष बने

नगर पालिका दमुआ में बुधवार को उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। यहां कांग्रेस प्रत्याशी गंगाधर बारस्कर ने बीजेपी के सुरेश कश्यप को 9 वोट से हराया। गंगाधर को 14 वोट मिले जबकि सुरेश कश्यप को 5 वोट ही मिले। 

नगर परिषद के चुनाव में यहां अध्यक्ष पद पर सुभाष गुलबांके के साथ कांग्रेस से 13 और बीजेपी से 5 पार्षद विजयी हुए थे। चुनाव में किसी तरह की क्रास वोटिंग नहीं हो पाई। बीते चुनाव में यहां क्रास वोटिंग के कारण उपाध्यक्ष चुनाव के समीकरण बदल गए थे। यहां अपील समिति के लिए भी चुनाव हुए। समिति के लिए हुए मतदान में राजेश नागले और सावित्री साहू को 14-14 और अमित राठौर व रजनी चौहान को 5-5 वोट मिले। उपाध्यक्ष चुनाव के बाद अध्यक्ष, उपाघ्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। चुनाव प्रक्रिया के लिए जुन्नारदेव एसडीएम रोशन राय को पीठासीन अधिकारी बनाया गया था।

हर्रई में बीजेपी के ओमप्रकाश चौकसे उपाध्यक्ष बने

नगर परिषद हर्रई में बीजेपी पार्षद ओमप्रकाश चौकसे उपाध्यक्ष चुने गए। यहां अध्यक्ष और 15 पार्षदों ने मतदान किया लेकिन एक मत निरस्त हो गया। यहां उपाध्यक्ष पद के चुनाव मैदान में उतरे बीजेपी प्रत्याशी ओमप्रकाश चौकसे को 12 और कांग्रेस की ज्योति साहू को 3 मत मिले। यहां बीजेपी के 8, निर्दलीय और कांग्रेस के 5 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। यहां कांग्रेस के महज तीन वोट ही मिले। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए तहसीलदार कमलेश नीरज और हर्रई तहसीलदार राजेंद्र तेकाम उपस्थित थे। 

Created On :   6 Sep 2017 4:44 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story