- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोला
- /
- बहुजनों के हित में रहा छत्रपति...
बहुजनों के हित में रहा छत्रपति शिवाजी महाराज का कार्य : संभाजी राजे

डिजिटल डेस्क, अकोला। छत्रपति शिवाजी महाराज को समझना है तो उनकी दूरअंदेशी, व्याप्ती व बहुजनों को एकजुट रखते हुए राजशकट चलाने की समझ को देखना होगा। वे अपने जीवन में बाहरी आक्रमणों से संघर्ष करते रहे वे कभी अपनों से नहीं लड़े। यह प्रतिपादन राज्य सभा सांसद संभाजी राजे ने किया। अकोला में गोरक्षण मार्ग पर शिव स्मारक समिति की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज के पुतले के स्थानांतरण व इसके अनावरण समारोह में वे बोल रहे थे। सांसद युवराज संभाजी राजे के हाथों छत्रपति शिवाजी महाराज के अर्धाकृति पुतले का अनावरण किया। परिसर के नागरिक इस समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
सांसद युवराज संभाजी राजे ने अपने वक्तव्य में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने बाहरी लोगों से लोहा लिया किसी जाति के विरोध में वे कभी नहीं थे। सभी जाति धर्मों के कर्तव्यनिष्ठ सहयोगियों ने उन्हें हमेशा अपना आराध्य माना। उनका राज्य दिल्ली से जिंजी तक फैला हुआ था। वर्तमान समय में उनके विचारों को समाज मन में बसाने का प्रयास कर रहा हूं लेकिन मैं समझता हूं की छत्रपति महाराज को सही तरीके से समझना है तो उनके विचारों के साथ ही उनकी दूर अंदेशी, विचारों की व्याप्ती व दूर दूर तक उनका वास्तव्य का अध्ययन करना होगा।
भीमा कोरेगांव की हिंसा को लेकर उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने कभी भेद नहीं किया लेकिन हाल ही में भीमा कोरेगांव की हिंसा शर्मनाक वाकया है। जहां महाराज ने अनेक जाति धर्मों के लोगों को एकजुट बनाते हुए अपना राज्य स्थापित किया इसे राजधर्म के तहत चलाया, महाराष्ट्र में इस तरह की घटनाएं उनके विचारों को अभिप्रेत नहीं है। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि विदर्भ में राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज, डा.पंजाबराव देशमुख जैसे महापुरुषों ने जनहितोपयोगी कार्य किया है, इसलिए इस भूमि से उन्हें काफी लगाव है। सांसद के रूप में जो अवसर मुझे दिया गया है, उसका सदुपयोग आम जनों के हित के लिए कर रहे है।
सांसद युवराज संभाजी राजे
प्रदेश में इसके लिए कई बार भेंट दे रहा हूं। ऐसा नहीं है कि इसके लिए किसी दौरे को निकालने की जरुरत है, लेकिन जहां कहीं मौका मिलेगा मैं बहुजन समाज को जोडऩे का प्रयास करता रहूंगा। इस अवसर पर उनका सभी ओर से स्वागत किया गया। शिव स्मारक समिति ने उन्हें ताम्र पत्र देकर उनका सम्मान किया। महाराष्ट्र बहुजन पत्रकार संघ के पुरुषोत्तम आवारे ने उन्हें छत्रपति शाहू महाराज पर लिखीत पुस्तक भेंट की। सूत्र संचालन एड.सुधाकर खुमकर, प्रास्ताविक पंकज जायले व आभार प्रदर्शन प्रभाकर रुमाले ने किया।
माडल फोर्ट के लिए 606 करोड़ का निधि
इस अवसर पर जानकारी देते हुए युवराज संभाजी राजे ने बताया कि प्रदेश में फैले किलों के संवर्धन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री चर्चा की एक प्रस्ताव रखा जिस पर उन्हें किलों के संवर्धन के लिए गठित इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है। शासन ने ऐतिहासिक किलों के संवर्धन व जतन के लिए 606 करोड़ का निधि मंजूर किया जिसमें से 70 करोड़ रूपए आ चुके हैं। पुरातत्व विभाग इस इकाई का सदस्य है। रायगड, राजगड समेत अन्य पांच किलों का संवर्धन किया जाएगा। आस पास के 22 गांवों का विकास भी होगा। 88 एकड़ जमीन भी संम्पादित की जाएगी।
भीमा कोरेगांव - जिम्मेदारों पर हो कार्रवाई
समारोह के बाद एक पत्रकार परिषद को सम्बोधित करते हुए सांसद संभाजी राजे ने एक सवाल के जबाब में कहा कि भीमा कोरेगांव हिसा के लिए जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार को चाहिए कि वे इस घटना की जड़े खोदें व जिम्मेदारों को उनके कृत्य के लिए शासन हो। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र में ऐसी घटनाएं शर्मनाक हैं।
Created On :   11 Jan 2018 5:56 PM GMT