बुलंदशहर: छेड़छाड़ के दौरान हुआ एक्सीडेंट, अमेरिका में पढ़ने वाली छात्रा की मौत, विपक्ष ने योगी सरकार पर बोला हमला

बुलंदशहर: छेड़छाड़ के दौरान हुआ एक्सीडेंट, अमेरिका में पढ़ने वाली छात्रा की मौत, विपक्ष ने योगी सरकार पर बोला हमला

डिजिटल डेस्क, बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक होनहार छात्रा मनचलों की हरकतों की वजह से सड़क हादसे का शिकार हो गई। सरकार की तरफ से मिल रही स्कॉलरशिप पर अमेरिका में पढ़ाई करने वाली छात्रा सुदीक्षा भाटी अपने चाचा के साथ मामा के घर जा रही थी, तभी बुलेट सवार कुछ मनचले पीछा करने लगे। छेड़छाड़ से बचने के दौरान बाइक से छात्रा गिर गई और उसकी मौत हो गई। अब इस मामले को लेकर विपक्षी दलों ने योगी सरकार पर हमला बोला है।

सुदीक्षा के चाचा (जिनके साथ वो बाइक पर अपने मामा के घर जा रही थी) सतेंद्र भाटी ने बताया, रास्ते में एक बुलेट ने हमें कई बार ओवरटेक किया, मैंने मोटरसाइकिल की स्पीड कम की और बुलेट सवार ने आगे जाकर अचानक ब्रेक मार दिया जिससे उनकी बाइक का बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ। एक्सीडेंट में सुदीक्षा के सिर में चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

बुलंदशहर के एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है, हादसे के बाद परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। अब परिजनों द्वारा छेड़छाड़ की बात कही गई है, जिसको लेकर भी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ हमला बोल दिया है। बसपा अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर लिखा, बुलंदशहर में अपने चाचा के साथ बाइक पर जा रही होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी को मनचलों की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी, जो दु:खद, शर्मनाक और निन्दनीय है। बेटियां आखिर कैसे आगे बढ़ेंगी? यूपी सरकार तुरन्त दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा, उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बुलंदशहर में एक बेटी छेड़छाड़ का शिकार हुई और उसकी हत्या हो गयी। ऐसी अनेक घटनाएं आए दिन प्रदेश में हो रही हैं। यहां पर जंगलराज चल रहा है। सरकार महिला सशक्तिकरण की बात तो कर रही है लेकिन कार्रवाई के नाम पर सरकार केवल खाना पूर्ति कर रही है। यह सरकार मस्त और कानून व्यवस्था ध्वस्त है।

जानकारी के अनुसार, सुदीक्षा भाटी ने 2018 में इंटरमीडिएट में बुलंदशहर जनपद में टॉप किया था। HCL की तरफ से 3 करोड़ 80 लाख रुपये की स्कॉलरशिप मिलने पर सुदीक्षा उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चली गई थी। सुदीक्षा अमेरिका के बॉब्सन कॉलेज में भारत सरकार के खर्च पर पढ़ रही थी। छात्रा का परिवार गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में रहता है। परिजनों के मुताबिक, कोरोना की वजह से सुदीक्षा स्वदेश लौटी थी। वह अपने मामा से मिलने जा रही थी। कुछ दिनों के बाद उसे वापस अमेरिका भी जाना था। 

Created On :   11 Aug 2020 5:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story