Pandhurna News: कांग्रेस ने भरी हुंकार, कहा सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को राहत प्रदान करें सरकार

कांग्रेस ने भरी हुंकार, कहा सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को राहत प्रदान करें सरकार
सूखी फसलें लेकर पहुंचे किसान, पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा किसानों को राहत देने के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं

डिजिटल डेस्क,पांढुर्ना। जिले में अल्प बारिश के चलते सिंचाई के अभाव में खरीफ सीजन की कपास, तुअर, सोयाबीन, मक्का सहित क्षेत्र की प्रमुख संतरा फसल पर संकट गहरा गया है। फसलों को हो रहे नुकसान से जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। किसानों को राहत दिलाने और उनकी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर शनिवार को पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन कर प्रदेश की डाॅ.मोहन यादव सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।

प्रदर्शन में पहुंचे पूर्व सांसद नकुलनाथ ने भी कहा कि किसानों को राहत देने के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है। सरकार किसानों राहत प्रदान करने में विफल साबित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान कलेक्टेªट में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर जिले को सूखाग्रस्त घोषित करते हुए किसानों से जुड़ी मांगों के निराकरण की मांग रखी गई।

प्रदर्शन करते हुए कांग्रेसियों ने पारडी रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से रैली की शुरूआत कीं। रैली प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टेªट पहुंचीं। इस दौरान जगह-जगह नुक्कड़ सभाओं व नारेबाजी के माध्यम से प्रदेश की डाॅ.मोहन यादव सरकार की किसान विरोधी नीतियों का विरोध किया गया। सभा के दौरान पूर्व सांसद नकुलनाथ ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की पीड़ा को समझने को तैयार नही है। किसानों को राहत देने के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है और सरकार किसानों के हित में कोई सार्थक पहल कर राहत नही पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कमलनाथ सरकार आते ही सबसे कमलनाथजी ने किसानों के लिए कर्जमाफी की फाईल पर हस्ताक्षर किए। पर भाजपा ने धोखा करके सरकार नही चलने नही दीं। धोखे से बनीं अब यह भाजपा सरकार किसानों को राहत देने में तो दूर कर्जमाफी करने में भी विफल साबित हो रही है। किसान दिनोंदिन आर्थिक संकट से जूझ रहे है, पर मुख्यमंत्री सब ठीक है कह रहे है।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री सुखदेव पानसे, वरिष्ठ नेता गंगाप्रसाद तिवारी, सुरेश कपाले, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतन उईके, विधायक विजय चैरे, नीलेश उईके, किसान कांग्रेस अध्यक्ष हरनामसिंग सेंगर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विलास डोंगरे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष जयंत घोड़े आदि पदाधिकारियों ने भी फसलों व किसानों की स्थिति को लेकर चिंता जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि फसलें प्रभावित होने से किसानों के सामने संकट आ गया है।

खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। इस स्थिति में किसानों को राहत देना जरूरी है। ज्ञापन के माध्यम से पांढुर्ना जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, कृषि ऋण व बिजली बिल माफ करने, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने, भुली जलाशय परियोजना से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने, फसल बीमा प्रदान करने संबंधी मांगें उठाई गई।

वहीं संतर फसल पर मंडरा रहे संकट के चलते भी उत्पादक किसानों को विशेष राहत दिलाने की गुहार लगाई गई। कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे की प्रक्रिया जल्द पूरी कर नुकसान के अनुसार किसानों को राहत प्रदान की जाए।

Created On :   17 Oct 2026 6:32 PM IST

Tags

Next Story