- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- नवागत एसपी सुश्री विदिता डागर ने...
Pandhurna News: नवागत एसपी सुश्री विदिता डागर ने पदभार संभाला

डिजिटल डेस्क,पांढुर्ना। नवागत महिला पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी का पदभार संभाला। पदभार संभालते ही उन्होंने पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर तौर-तरीकों से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने दो टूक कहा कि पुलिस विभाग में लापरवाही और अनुशासनहिनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जुआं-सट्टा जैसी गतिविधियों में पुलिस का नाम सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को अपने आचरण में सुधार लाने की हिदायत दीं।
एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं। ड्यूटी में लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन के साथ काम करना होगा।
किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। एसपी ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि थाने पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निराकरण की पहल करनी होगी।
साथ ही महिला अपराधों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने की बात कही। इस दौरान एएसपी मनकामना प्रसाद सहित सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और थाना व चैकियों के प्रभारी सहित जिले का अमला मौजूद रहा।
Created On :   10 Oct 2026 9:04 PM IST












