पांढुर्णा न्यूज: बारिश में पांढुर्णा सबसे पीछे, सामान्य से 23% कम बरसा पानी

बारिश में पांढुर्णा सबसे पीछे, सामान्य से 23% कम बरसा पानी
प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जिलों में 623.5 मिमी बारिश दर्ज, सूखे के ट्रिगर वन की स्थिति बनी

डिजिटल डेस्क पांढुर्णा।

पांढुर्णा जिले में इस मानसून सीजन में बारिश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उपलब्ध वर्षा आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 623.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 807.5 मिमी है। यानी जिले में सामान्य से 184 मिमी कम बारिश हुई है। बारिश में 23% की कमी के साथ पांढुर्णा पूर्वी मध्यप्रदेश के सूचीबद्ध जिलों में सबसे कम बारिश वाले जिले के रूप में सामने आया है। वहीं जिले के वर्षा संबंधी विश्लेषणात्मक प्रतिवेदन में भी बारिश की कमी को सूखे की स्थिति के प्रारंभिक संकेतक ट्रिगर वन के रूप में दर्ज किया गया है।

बोनी में भी 6.41% की कमी, हालांकि निर्धारित सीमा से कम....

बारिश की कमी का असर खरीफ फसल की बोनी पर भी दिखाई दे रहा है। प्रतिवेदन के अनुसार पिछले वर्ष जिले में 89,285.286 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ बोनी हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 83,562.900 हेक्टेयर में बोनी दर्ज की गई है। इस तरह बोनी क्षेत्र में 5,722.386 हेक्टेयर यानी 6.41% की कमी है। हालांकि सूखे की स्थिति के लिए निर्धारित 15% की सीमा के मुकाबले यह कमी कम है, इसलिए केवल बोनी के आधार पर ट्रिगर टू का यह मापदंड पूरा नहीं होता।

बारिश की कमी 25% से अधिक, अब तीन तकनीकी सूचकांकों पर नजर...

जिले में सामान्य बारिश की तुलना में 27.19% कमी वाले अलग विश्लेषण में ट्रिगर वन की शर्त पूरी होना बताया गया है। अंतिम रूप से सूखे की स्थिति निर्धारित करने के लिए अब जल विज्ञान सूचकांक, रिमोट सेंसिंग सूचकांक और मृदा नमी सूचकांक के आंकड़ों का आकलन किया जाना है। संबंधित विभागों से आंकड़े मिलने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।

फैक्ट फाइल

वास्तविक बारिश: 623.5 मिमी

सामान्य बारिश: 807.5 मिमी

कमी: 184 मिमी

वर्षा की कमी: 23%

खरीफ बोनी में कमी: 6.41%

सूखा आकलन: ट्रिगर वन पूरा, ट्रिगर टू के लिए तकनीकी सूचकांकों का आकलन जारी.


Created On :   4 Oct 2026 4:06 PM IST

Tags

Next Story