Pandhurna news: पांढुर्णा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

पांढुर्णा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

डिजिटल न्यूज़ पांढुर्णा

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पांढुर्णा में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद जवानों की स्मृति में परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने देश की सुरक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के आगमन और पुलिस परेड से हुई। परेड के दौरान सावधान, कंधे शस्त्र और सलामी शस्त्र की औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद पालबेयरर द्वारा दिवंगत शहीदों के नामों की सूची मुख्य अतिथि को सौंपी गई। शहीदों की नामावली का वाचन कर उनके बलिदान को याद किया गया। पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र के साथ वीर शहीदों को सलामी दी।

शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया नमन...

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पुलिस स्मारक पर रीथ चढ़ाई गई और उपस्थित अतिथियों ने शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पुलिस स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

1959 के शहीदों की स्मृति में मनाया जाता है दिवस...

पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन देशभर में कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है। कार्यक्रम का समापन शहीदों के सम्मान और उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखने के संकल्प के साथ हुआ।

कार्यक्रम में एसपी विदिता डागर, एडीएम ज्योति ठाकुर, एसडीएम अल्का इक्का,पूर्व राज्य मंत्री नाना मोहोड़,क्षेत्रीय विधायक निलेश उइके,जामसावली हनुमान मंदिर के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष संदीप मोहोड़,नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घटोडे,जनपद अध्यक्ष लता तुमडाम आदि उपस्थित थे।

Created On :   21 Oct 2026 2:06 PM IST

Tags

Next Story