- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जिगदहा साइलो केन्द्र में किसानों से...
Panna News: जिगदहा साइलो केन्द्र में किसानों से सैम्पल के नाम पर लूट, सैम्पल के नाम पर की जा रही पांच से सात किलो की गेहूं की मांग

Panna News: देवेंद्रनगर तहसील के जिगदहा स्थित श्री बांके बिहारी साइलो केंद्र में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में नजर आ रही है। सरकार किसानों को सुविधा देने के बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। साइलो केंद्र पहुंचे किसानों का आरोप है कि यहां सैंपल के नाम पर 5 से 7 किलो तक गेहूं लिया जा रहा है। इतना ही नहीं यदि गेहूं में थोड़ी बहुत मिट्टी निकल जाए तो उसके नाम पर भी अतिरिक्त गेहूं मांगा जा रहा है। किसानों का कहना है कि आखिर यह गेहूं जा कहां रहा है वहीं खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि दो दिनों से केवल एक ही तुलाई मशीन चालू है जबकि दूसरी मशीन बंद पड़ी हुई है। नतीजा केंद्र के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आधा किलोमीटर लंबी लाइन लग गई।
किसान घंटों धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर न बैठने की व्यवस्था है और न ही कोई सूचना बोर्ड लगाया गया है। किसानों को यह तक नहीं बताया जा रहा कि सैंपल के नाम पर कितना गेहूं लिया जाना है इसका क्या नियम है। किसानों का कहना है कि केंद्र में पूरी तरह मनमानी चल रही है और जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। एक तरफ सरकार किसानों के हितों की बात करती है दूसरी तरफ जिगदहा साइलो केंद्र में किसान परेशान होकर व्यवस्था को कोसते नजर आए। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसानों की इस पीड़ा को सुनेगा या फिर अन्नदाता यूं ही लाइन में खड़े होकर व्यवस्था का शिकार बनते रहेंगे।
यह भी पढ़े -डायमण्ड चौराहा सहित पन्ना नगर के संपूर्ण सीमा क्षेत्र में धरना प्रदर्शन, रैली व पद यात्रा पर प्रतिबंध
Created On :   9 May 2026 5:47 PM IST













