- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- नगर परिषद अमानगंज जहां स्वच्छता...
Panna News: नगर परिषद अमानगंज जहां स्वच्छता सिर्फ दीवारों पर कैद, दफ्तर के अंदर शराब और गंदगी का बसेरा

Panna News: जिस कंधे पर पूरे शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी है वही कंधा भ्रष्टाचार और लापरवाही के बोझ तले झुक गया है। स्वच्छ भारत अभियान के नारों से सजी दीवारों के पीछे की हकीकत बेहद बदबूदार और शर्मनाक है। हम बात कर रहे हैं नगर परिषद अमानगंज के कार्यालय की जो इन दिनों अपनी कार्यप्रणाली के लिए नहीं बल्कि अपनी गंदगी और अनैतिक गतिविधियों के लिए चर्चा में है।
ठंडा पानी कम, गंदगी का पीक ज्यादा
कार्यालय में आम जनता की प्यास बुझाने के लिए वाटर कूलर तो लगाया गया है लेकिन उसके आसपास का नजारा देख किसी का भी मन खराब हो जाए। कूलर के आसपास की दीवारें पान और गुटके की पीक से लाल हो चुकी हैं। ऐसा लगता है जैसे स्वच्छता का पाठ पढ़ाने वाले जिम्मेदार खुद अनुशासन भूल चुके हैं।
शराबखोरी का अड्डा बना परिषद कार्यालय
सबसे चौंकाने वाला और गंभीर पहलू कार्यालय की जाली के भीतर का दृश्य है। यहाँ शराब की खाली बोतलें भारी संख्या में बिखरी पड़ी हैं। यह दृश्य सीधे तौर पर इस बात की तड़प पैदा करता है कि क्या सरकारी दफ्तर रात के अंधेरे में मयखाने में तब्दील हो जाता है। दफ्तर के भीतर शराब की बोतलों का मिलना यहाँ के सुरक्षा इंतजामों और अधिकारियों की संजीदगी पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
बदहाल पेशाबघर और कागजी स्वच्छता
नगर परिषद ने दफ्तर के पास ही जिस अस्थाई पेशाबघर का रखवाया है उसकी हालत आज कंडम हो चुकी है। वहां से उठने वाली सडऩ और बदबू ने राहगीरों का निकलना दूभर कर दिया है। शहर में कई जगह गंदगी पसरी हुई है जिसे देखकर स्पष्ट है कि स्वच्छता अभियान अब केवल दीवारों पर स्लोगन लिखवाने तक, नेताओं और अधिकारियों की फोटो खिंचवाने तक और कागजी आंकड़ों को भरने तक सीमित रह गया है।
इनका कहना है
शहर को साफ रखने का दावा करने वाली परिषद जब खुद का घर नहीं संभाल पा रही तो वह आम जनता को स्वच्छता का क्या संदेश देगी यह लापरवाही अमानगंज की जनता के स्वास्थ्य और भरोसे के साथ खिलवाड़ है।
फोटो नं-६-केप्शन-श्रीमती राधाबाई चौधरी
श्रीमती राधा बाई चौधरी
पार्षद वार्ड क्रमांक ०६
आपके द्वारा गंदगी संबंधी जो जानकारी संज्ञान में लाई गई है उस पर तत्काल कार्यवाही होगी
प्रभाशंकर उपाध्याय
सफाई दरोगा नगर परिषद अमानगंज
Created On :   9 May 2026 2:49 PM IST














