Panna News: रामगंज की राधा ने प्लास्टिक केमिकल छोड़ प्रकृति से सजाई झांकी

रामगंज की राधा ने प्लास्टिक केमिकल छोड़ प्रकृति से सजाई झांकी
गोबर के गोवर्धन ने जीता दिल

डिजिटल डेस्क,पन्ना। रामगंज वार्ड निवासी युवती कुमारी राधा तिवारी ने अपने घर में गोवर्धन पूजा के लिए बेहद सुंदर झांकी तैयार की। लकड़ी के पाटे पर गोबर से बने गोवर्धन महाराज श्रीकृष्ण और राधा रानी की झांकी को देखकर मोहल्ले के लोग भी प्रशंसा किए बिना नहीं रह सके। झांकी में श्रीकृष्ण के मुकुट में मोर पंख लगाया गया। पीले-लाल प्राकृतिक रंगों से श्रृंगार किया गया।

गले में मोतियों की माला और लाल फूलों से सजावट की गई। गोवर्धन पर्वत पर गेंदे के फूल चढ़ाए गए। आंगन में पीले रंग से भगवान के चरण चिन्ह भी बनाए गए। राधा ने झांकी तैयार करने में प्लास्टिक की कोई सामग्री केमिकल वाले रंग या बाजार की बनी मूर्तियों का उपयोग नहीं किया।

गोबर, प्राकृतिक रंग, फूल और मोर पंख से ही पूरी झांकी तैयार की। राधा का कहना है कि गोवर्धन पूजा वैसे भी प्रकृति की पूजा है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत, गाय और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया था। इसलिए पूजा में भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली चीजों का उपयोग नहीं करना चाहिए।

गोवर्धन पूजा के दिन राधा के घर में परिवार सहित विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। कथा सुनी गई आरती की गई और गोवर्धन महाराज को अन्नकूट का भोग लगाया गया। गायों को भी गुड़-चारा खिलाकर पूजा की गई। मोहल्ले की महिलाओं और बच्चों ने भी राधा की झांकी को देखा और उसकी सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल से नई पीढ़ी को परंपरा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश मिलता है।

Created On :  

Next Story