Panna News: पन्ना टाइगर रिजर्व में युवा बाघिन की संदिग्ध मौत, क्लच वायर से शिकार की आशंका

पन्ना टाइगर रिजर्व में युवा बाघिन की संदिग्ध मौत, क्लच वायर से शिकार की आशंका
बफर क्षेत्र मनकी में मिला 5 से 6 वर्षीय बाघिन का शव; वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू

डिजिटल डेस्क,पन्ना। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पन्ना टाइगर रिजर्व (PTR) से वन्यजीव संरक्षण को झकझोर देने वाली एक दुखद खबर सामने आई है। रिजर्व के बफर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मनकी इलाके में आज एक युवा बाघिन का शव बरामद किया गया है। मृत बाघिन की उम्र करीब 5 से 6 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में बाघिन का शिकार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

क्लच वायर के फंदे से शिकार की आशंका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गश्ती दल और स्थानीय सूत्रों के माध्यम से बफर क्षेत्र मनकी में बाघिन का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके के हालातों और प्रारंभिक पड़ताल से यह बात सामने आई है कि शिकारियों ने बाघिन को फंसाने और उसका शिकार करने के लिए क्लच वायर (तार के फंदे) का इस्तेमाल किया है। युवा बाघिन की इस तरह हुई मौत ने बफर जोन में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्र की घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन में हड़कंप मच गया। रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारी और वन अमला तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गया है। अधिकारियों ने पूरे इलाके को सील कर घेराबंदी कर दी है ताकि घटनास्थल से जुड़े सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके।

डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम की मदद से जांच

वन विभाग द्वारा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की गाइडलाइन के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। शिकारियों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वाड की मदद ली जा रही है और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। बाघिन के शव का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

Created On :  

Next Story