- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- परभनी
- /
- क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी पर डकैत...
साहस का परिचय: क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी पर डकैत ने किया चाकू से हमला - मुख्य आरोपी सहित पांच गिरफ्तार

Parbhani News. जिंतूर तहसील के चारठाणा पुलिस थाना क्षेत्र में एक डकैत को पकड़ने गई स्थानीय अपराध शाखा की टीम पर चाकू से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी दीपक बिरजू भोसले खेत परिसर में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर परभणी पुलिस अधीक्षक रवींद्रसिंह संतोषसिंह परदेशी के मार्गदर्शन में एक विशेष दल का गठन किया गया। सोमवार, 16 मार्च की शाम लगभग 7:30 से 8:00 बजे के बीच पुलिस दल जब मौके पर पहुँचा और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, तब दीपक भोसले ने अचानक धारदार चाकू से पुलिस कांस्टेबल निलेश भुजबल पर प्राणघातक हमला कर दिया और फरार होने की कोशिश की।
यह भी पढ़े -जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा की लता वाकले एवं उपाध्यक्ष पद पर राष्ट्रवादी के श्रीकांत विटेकर निर्विरोध निर्वाचित
घायल अवस्था में दिखाया साहस:
चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कांस्टेबल भुजबल और उनके साथियों ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपियों का पीछा जारी रखा। अंततः पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी समेत चार अन्य साथियों को पकड़ लिया। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत उपचार के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़े -सौरभ जाधव को मरणोपरांत अंतरराष्ट्रीय सम्मान, जिस कैंसर पर शोध कर रहे थे, उसी से जूझते हुए हुआ था निधन
सफल शल्य चिकित्सा:
चाकू पीठ में गहराई तक धँस जाने के कारण डॉक्टरों को तत्काल आपातकालीन सर्जरी करनी पड़ी। जिला शल्य चिकित्सक डॉ. नागेश लखमवार और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। वर्तमान में भुजबल की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारियों की उपस्थिति:
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रवींद्रसिंह परदेशी, अपर पुलिस अधीक्षक सूरज गुंजाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुँचे और घायल पुलिसकर्मी का हालचाल जाना। मुख्य आरोपी दीपक भोसले के खिलाफ चारठाणा पुलिस थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है तथा आगे की जांच जारी है।
Created On :   18 March 2026 7:35 PM IST












