- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- परभनी
- /
- फसलों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस...
Parbhani News: फसलों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का करें उपयोग, तकनीक से बदलेगी तस्वीर - सीएम फडणवीस

- कृषि विभाग, विश्वविद्यालय और बीज कंपनियों को मिलकर प्रभावी कार्य करना जरूरी
- फसलों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग हो
- गन्ना फसल में लिए एआई का उपयोग बेहतरीन रहा
Parbhani News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों को अब अपने क्षेत्र की प्रमुख फसलों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का उपयोग करना चाहिए। यह तकनीक गन्ने की खेती में सफल रही है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इसके लिए 500 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इन पैसों का उपयोग कर अच्छे मॉडल तैयार किए जाने चाहिए। उम्मीद है कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक खेती के विकास में मील पत्थर साबित होगी। शोधकर्ताओं के लिए भी यह तकनीक काफी लाभदायक हो सकती है। बशर्ते बदलते दौर की मांग को समझा जाए।
मशींन बैंक बनाएं
सीएम ने कहा कि समूह खेती को बढ़ावा देना चाहिए। इसके तहत ड्रोन तकनीक का उपयोग बढ़ाना चाहिए और कृषि उपकरणों की यंत्र बैंक बनाई जानी चाहिए, ताकि सामान्य किसानों को आसानी से उपकरण मिल सकें।
कृषि विभाग के ऐप की सराहना
राज्य कृषि विभाग द्वारा बनाए गए ऐप की मुख्यमंत्री ने सराहना की। इसमें फसलों की खेती, कीट प्रबंधन और नई किस्मों की जानकारी के वीडियो क्लिप और स्रोत दिए गए हैं। यह ऐप किसानों के लिए डिजिटल मित्र बन सकता है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने भाषण की शुरुआत में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा शुरू किए गए एकीकृत कार्यक्रम की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रायोजित इस योजना की शुरुआत महाराष्ट्र से होना एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से कृषि विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, वैज्ञानिक, तकनीशियन और अधिकारी सीधे किसानों के खेतों पर जाकर फसलों का निरीक्षण करें, किसानों की समस्याओं पर चर्चा करें, उनके संदेहों का समाधान करें। इससे किसानों और शोधकर्ताओं के बीच संपर्क मजबूत होगा और तालमेल से बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।
बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं की चपेट से किसानों को बाहर निकालने के लिए कृषि विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और बीज कंपनियों को एकजुट होकर प्रभावी रूप से काम करना जरूरी है, फडणवीस ने गुरुवार को संतराव नाईक मराठवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत सभागार में आयोजित संयुक्त कृषि अनुसंधान और विकास समिति-2025 की बैठक के उद्घाटन समारोह में अपील की।
इस मौके पर कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे, कृषि राज्यमंत्री आशीष जैस्वाल, जिले की पालकमंत्री मेघना बोर्डीकर, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. इंद्रमणि, सांसद संजय जाधव, विधायक सतीश चव्हाण, विधायक विक्रम काले, डॉ. राहुल पाटील, रत्नाकर गुट्टे, राजेश विटेकर, राज्य कृषि विभाग के प्रमुख सचिव विकासचंद्र रस्तोगी, कृषि परिषद के महासचिव रावसाहेब भागडे, कृषि आयुक्त सुरेश मांढरे, अकोला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शरद गडाख, कोकण विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय भावे, कार्यकारी परिषद के सदस्य एवं वैज्ञानिक उपस्थित थे।
रोग प्रतिरोधक किस्में किसानों तक पहुंचानी चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सामने दो प्रमुख चुनौतियां हैं, लगातार बदलता मौसम और प्राकृतिक आपदाएं। अधिकांश किसान छोटे भू-स्वामी हैं, जिनकी निवेश क्षमता बेहद कम है। पुराने तरीकों से खेती करने के कारण भी किसान लगातार संकट में फंसते जा रहे हैं। हालांकि, आज विभिन्न फसलों में अच्छी किस्में उपलब्ध हैं, जो आपदाओं और जलवायु परिवर्तन का सामना कर सकती हैं, लेकिन बारिश की अनियमितता के कारण फसलों पर रोग का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इसलिए रोग प्रतिरोधक किस्में किसानों तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए व्यापक जागरूकता जरूरी है। अगर यह कार्य एकीकृत तरीके से किया गया, तो निश्चित ही सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
किसानों को उपाधियां देने की जरूरत
फडणवीस ने कहा कि वैज्ञानिक और शोधकर्ता अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन किसान भी खेती में नए-नए प्रयोग कर रहे हैं, अच्छा उत्पादन ले रहे हैं, नई तकनीकें अपना रहे हैं। कृषि विश्वविद्यालयों को अपने क्षेत्र में ऐसे किसानों की पहचान कर उन्हें उपाधियां देनी चाहिए।
दादा लाड की सराहना
वरिष्ठ प्रचारक दादा लाड द्वारा कपास की खेती में नई तकनीक लाने के लिए मुख्यमंत्री ने उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि "लाड पैटर्न" से कपास उत्पादन में पांच गुना वृद्धि हुई है और यह मॉडल किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रहा है।
नानाजी देशमुख योजना का दूसरा चरण शुरू
नानाजी देशमुख कृषि समृद्धि योजना के दूसरे चरण की घोषणा की गई है, जिसके लिए 4500 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। इसे 4500 गांवों में लागू किया जाएगा।
Created On :   29 May 2025 8:31 PM IST