- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पुणे पुलिस में रिश्वतखोरी का नया...
Pune City News: पुणे पुलिस में रिश्वतखोरी का नया मामला

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे पुलिस विभाग में रिश्वतखोरी के मामलों की श्रृंखला थमने का नाम नहीं ले रही है। आर्थिक अपराध शाखा की सहायक पुलिस निरीक्षक वैशाली तोटेवार द्वारा 28 लाख रुपये रिश्वत लेने का मामला ताजा ही था कि अब लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) ने पिंपरी-चिंचवड पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत बावधन पुलिस थाने में पदस्थ सहायक पुलिस निरीक्षक ज्योति तांबे के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। तांबे पर एक शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ बावधन पुलिस थाने में मामला दर्ज था। इस मामले में मदद करने, गिरफ्तारी न करने तथा शीघ्र आरोपपत्र दाखिल करने के बदले एपीआई ज्योति पांडुरंग तांबे (41) ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने उन्हें पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद भी और रकम की मांग की जा रही थी।
इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच और सत्यापन किया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी की टीम ने देर रात ज्योति तांबे को हिरासत में लिया। उनके खिलाफ बावधन पुलिस थाने में भ्रष्टाचार प्रतिबंधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लगातार सामने आ रहे पुलिस रिश्वतखोरी के मामले
पुणे पुलिस विभाग में हाल के दिनों में रिश्वतखोरी के कई मामले सामने आए हैं। हाल ही में लोहगांव पुलिस थाने के एक पुलिस उपनिरीक्षक को अदखलपात्र अपराध में मदद करने के नाम पर 80 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद आर्थिक अपराध शाखा की महिला एपीआई समेत दो लोगों को 28 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए बंडगार्डन क्षेत्र से पकड़ा गया।
इसी तरह, कोरेगांव पार्क पुलिस थाने के एक पुलिस हवलदार पर अदालत द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट पर कार्रवाई न करने के लिए डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगा। वहीं पिछले महीने बंडगार्डन पुलिस थाने के एक पुलिस उपनिरीक्षक को धोखाधड़ी का मामला दर्ज न करने के बदले एक लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
Created On :   14 May 2026 4:53 PM IST












