- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- कात्रज-येरवडा ट्वीन टनल प्रोजेक्ट...
Pune City News: कात्रज-येरवडा ट्वीन टनल प्रोजेक्ट को मिलेगी रफ्तार

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर की बढ़ती ट्रैफिक समस्या को दूर करने के लिए प्रस्तावित कात्रज-येरवडा ‘ट्वीन टनल’ परियोजना को अब गति मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना के लिए स्वतंत्र विशेष उद्देश्य संस्था (एसपीवी) गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री तथा पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) के अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
पीएमआरडीए की बजट बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने परियोजना के काम में तेजी लाने के लिए अलग एसपीवी बनाने का सुझाव दिया। इसके तहत पुणे महानगरपालिका और पीएमआरडीए संयुक्त रूप से आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए चार प्रमुख महामार्गों को जोड़ने वाले करीब 45 किलोमीटर लंबे भूमिगत मार्ग की योजना बनाई गई है। इस परियोजना का प्रारूप मोनार्क नामक सलाहकार कंपनी ने पीएमआरडीए को सौंपा है। परियोजना पर लगभग 20 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
फिलहाल पुणे में पूर्व से पश्चिम दिशा को जोड़ने वाले कई मार्ग उपलब्ध हैं, लेकिन उत्तर से दक्षिण दिशा में संपर्क मार्गों की कमी है। इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से येरवडा से कात्रज तक भूमिगत मार्ग प्रस्तावित किया गया है।
इस ट्वीन टनल परियोजना के पूरा होने के बाद कात्रज से येरवडा तक का सफर मात्र 25 से 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। आने और जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग सुरंग मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि इस परियोजना से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और आंतरिक संपर्क व्यवस्था अधिक तेज और सुगम बनेगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कात्रज-येरवडा भूमिगत मार्ग परियोजना के लिए स्वतंत्र एसपीवी का गठन किया जाए। इसके लिए पुणे महानगरपालिका पहल करे तथा पीएमआरडीए और मनपा संयुक्त रूप से आवश्यक कार्रवाई करें।
Created On :   5 May 2026 7:51 PM IST












