- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों की पिटाई...
Pune City News: पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों की पिटाई में युवक की मौत, चार कर्मचारियों पर केस दर्ज

भास्कर न्यूज, पुणे। वारजे इलाके में पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद के बाद कर्मचारियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वारजे पुलिस ने इस मामले में पेट्रोल पंप के चार कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
मृत युवक का नाम यश राजेंद्र पवार (20, निवासी कापडे, पोलादपुर, जिला रायगढ़) है। इस मामले में उसके पिता राजेंद्र बाबूराव पवार (51, निवासी कापडे, पोलादपुर, रायगढ़) ने वारजे मालवाडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मचारी शिवराज अंबाराया गुत्ती (23), जीवन महादेव कवे (25, दोनों निवासी अहिरे गांव, गणपती माथा, वारजे मालवाडी), संकेत धनाजी लंकेश्वर (25, निवासी उत्तमनगर, एनडीए रोड) और रितेश राजेंद्र गायकवाड़ (22, निवासी जय गणेश अपार्टमेंट, सह्याद्री स्कूल के पास, वारजे मालवाडी) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे यश अपने तीन दोस्तों के साथ वारजे मालवाडी स्थित शेल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गया था। पेट्रोल भरवाने के दौरान बाइक को लाइन में लगाने को लेकर पंप कर्मचारियों से उसका झगड़ा हो गया। बहस बढ़ते ही कर्मचारियों ने यश की बेरहमी से पिटाई कर दी।
मारपीट में यश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। पिता राजेंद्र पवार ने अपनी शिकायत में कहा कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की मारपीट के कारण ही उनके बेटे की मौत हुई है। इस घटना के बाद वारजे पुलिस ने चारों कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच का जिम्मा पुलिस उपनिरीक्षक सिद्धेश्वर रायगोंडा को सौंपा गया है।
Created On :   10 Nov 2025 6:15 PM IST












