- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पुणे जिले की नप व नपं के ‘दादा’...
Pune City news: पुणे जिले की नप व नपं के ‘दादा’ अजित पवार

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे जिले की 14 नगर परिषदों व 3 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम रविवार को घोषित किए गए। इसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार गुट का ही वर्चस्व रहा। 17 में से 10 निकायों में राकांपा अजित पवार गुट के नगराध्यक्ष बने हैं। शिंदे गुट के तीन नगर परिषदों व एक नगर पंचायत में नगराध्यक्ष चुने गए हैं। राज्य में दबदबा रखने वाली भारतीय जनता पार्टी को पुणे जिले की 3 नगर परिषदों मे अपना नगराध्यक्ष बनाने में सफलता मिली है।
बारामती, दौंड, लोनावला, भोर, इंदापुर, जेजुरी, शिरूर, फुरसुंगी-उरूली देवाची नगर परिषदों सहित मालेगांव बुद्रुक व वडगांव नगर पंचायत में राष्ट्रवादी कांग्रेस अजित पवार गुट के उम्मीदवार नगराध्यक्ष पद पर चुने गए हैं। इसके साथ ही चाकण, राजगुरुनगर व जुन्नर नगर परिषदों सहित मंचर नगर पंचायत में शिवसेना शिंदे गुट को अपने नगराध्यक्ष बनाने में सफलता मिली है। आलंदी, तलेगांव दाभाड़े व सासवड़ नगर परिषदों में भारतीय जनता पार्टी के नगराध्यक्ष चुने गए हैं। अजित पवार के गढ़ बारामती में बहुजन समाज पार्टी व राष्ट्रीय समाज पार्टी के एक-एक नगरसेवक चुने गए हैं।
- शिवसेना (ठाकरे) गुट ने लगाया ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता राजाराम बाणखेले ने मंचर नगरपंचायत चुनाव की मतदान मशीनों में छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया है। बाणखेले ने चुनाव परिणामों पर संदेह जताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर मतदान के अगले दिन नतीजे घोषित कर दिए जाते हैं, लेकिन इस बार परिणाम आने में 20 दिनों का लंबा समय लगा। बाणखेले ने आरोप लगाया कि इस देरी के दौरान मतदान मशीनों के साथ छेड़छाड़ की गई है।
Created On :   22 Dec 2025 1:34 PM IST












