- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- निष्पक्ष और पारदर्शी हों चुनाव...
Pune City News: निष्पक्ष और पारदर्शी हों चुनाव कार्य

भास्कर न्यूज, पुणे। महापालिका का चुनाव कार्य निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होना आवश्यक है। आचार संहिता उल्लंघन के संबंध में प्राप्त होने वाली हर शिकायत पर निष्पक्षता से कार्रवाई की जाना चाहिए। हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उपद्रवी घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाया जाए। ये निर्देश मुख्य चुनाव निरीक्षक राहुल महिवाल ने पुणे महापालिका प्रशासन को दिए हैं।
मनपा चुनाव के कामकाज की समीक्षा के लिए महिवाल ने शुक्रवार दोपहर स्थायी समिति सभागार में बैठक ली। उसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कार्यों की वर्तमान स्थिति बताई और वार्डों के चुनाव निर्वाचन अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपडेट साझा किए।
महिवाल ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि रात के समय आचार संहिता का उल्लंघन रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड (एफएसटी), स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) और वीडियो सर्जिलेंस टीम (वीएसटी) के माध्यम से कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाए। चुनाव आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए चुनाव को आदर्श और पारदर्शी बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कार्यालय, पुणे मनपा के अधिकारी, पुणे शहर और ग्रामीण पुलिस आयुक्त के प्रतिनिधियों समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर जिलाधिकारी कार्यालय के चुनाव निरीक्षक अरुण आनंदकर ने कहा कि मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाना चाहिए। उन्होंने सभी चुनाव निर्णय अधिकारियों, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्त, आयकर आयुक्त, राज्य उत्पाद शुल्क विभाग और क्षेत्रीय परिवहन विभाग को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
Created On :   3 Jan 2026 2:15 PM IST












