- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- प्रो-एक्टिव पुलिसिंग, बेहतर खुफिया...
Pune City News: प्रो-एक्टिव पुलिसिंग, बेहतर खुफिया तंत्र पर दें जोर

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। महाराष्ट्र के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सदानंद दाते ने शनिवार को पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय का दौरा कर पुलिस कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। तेजी से विकसित हो रहे पुणे के इस जुड़वा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान डीजीपी दाते ने प्रशासनिक दक्षता, अपराध नियंत्रण, अपराध जांच की गुणवत्ता और आधुनिक पुलिसिंग रणनीतियों पर चर्चा की। अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए प्रो-एक्टिव पुलिसिंग, बेहतर खुफिया तंत्र और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूत किया जाए।
-तकनीक के प्रभावी उपयोग पर हो विशेष जोर
डीजीपी ने महिलाओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सामुदायिक पुलिसिंग और तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही, विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी तालमेल से काम करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। पिंपरी-चिंचवड पुलिस आयुक्तालय की समीक्षा के बाद डीजीपी सदानंद दाते पुणे पुलिस आयुक्तालय के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने अपने अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरे के माध्यम से उन्होंने शहरी क्षेत्रों में समन्वित और प्रभावी पुलिसिंग के महत्व को रेखांकित किया।
Created On :   19 Jan 2026 3:16 PM IST












