- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- ई-गवर्नेंस में पीएमआरडीए की बड़ी...
Pune City News: ई-गवर्नेंस में पीएमआरडीए की बड़ी उपलब्धि

- राज्य में तीसरा, पुणे विभाग में प्रथम स्थान
- तकनीक के भरोसे प्रशासन बना नागरिकों के करीब
भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड। राज्य शासन द्वारा लागू किए गए 150 दिवसीय ई-गवर्नेंस सुधार कार्यक्रम के अंतिम मूल्यांकन में पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। भारतीय गुणवत्ता परिषद द्वारा किए गए इस मूल्यांकन में पीएमआरडीए ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि पुणे विभाग में प्रथम स्थान पर रहकर प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की घोषणा गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा की गई। पीएमआरडीए को यह सम्मान ‘सर्वोत्तम सरकारी संस्थान, मंडल एवं कंपनियां’ श्रेणी में प्रदान किया गया है। यह सम्मान डिजिटल नवाचार, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में किए गए प्रभावी प्रयासों के लिए दिया गया है।
मूल्यांकन के दौरान पीएमआरडीए द्वारा आधुनिक तकनीकों के व्यापक और प्रभावी उपयोग को विशेष रूप से सराहा गया। इसमें पीएमआरडीए की आधिकारिक वेबसाइट, ‘आपले सरकार’ पोर्टल, ई-ऑफिस प्रणाली, कार्यालयीन डैशबोर्ड, व्हाट्सएप चैटबॉट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ब्लॉकचेन तकनीक और भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) का समावेश है। इन डिजिटल माध्यमों के माध्यम से प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक गतिशील, पारदर्शी और समयबद्ध बनी हैं।
ई-गवर्नेंस सुधारों के चलते नागरिकों को विभिन्न सेवाएं अब पहले की तुलना में अधिक सरल, सुगम और कम समय में उपलब्ध हो रही हैं। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यकुशलता में वृद्धि हुई है, बल्कि जनता का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 100 दिवसीय प्रशासनिक सुधार कार्यक्रम में भी पीएमआरडीए ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया था। जून 2025 में घोषित 150 दिवसीय ई-गवर्नेंस कार्ययोजना के तहत राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों का 10 विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन किया गया था।
पीएमआरडीए के महानगर आयुक्त डॉ. योगेश म्हसे ने कहा कि ई-गवर्नेंस के माध्यम से पारदर्शी, गतिशील और नागरिक-उन्मुख प्रशासन बनाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पीएमआरडीए के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भावना और तकनीक के प्रभावी उपयोग को दिया।
Created On :   27 Jan 2026 3:09 PM IST












