Pune City News: शहर में बढ़ रही चंदन चोरी की वारदातें, खडकी में निजी कंपनी बनी निशाना

शहर में बढ़ रही चंदन चोरी की वारदातें, खडकी में निजी कंपनी बनी निशाना
सिक्युरिटी गार्ड को धमकाकर फरार हुए चोर

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में चंदन के पेड़ों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला खडकी इलाके का है, जहां चोरों ने एक निजी कंपनी के परिसर में घुसकर सिक्युरिटी गार्ड को धमकाते हुए चंदन का पेड़ काटकर चोरी कर लिया। इस घटना से औद्योगिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

खडकी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना किर्लोस्कर इंडस्ट्रीज कंपनी के परिसर में मध्यरात्रि के समय हुई। तीन से चार अज्ञात आरोपी चोरी के इरादे से परिसर में दाखिल हुए। उस दौरान गश्त कर रहे सिक्युरिटी गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

इस पर आरोपियों ने गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और परिसर में मौजूद चंदन के पेड़ को काटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद डरे-सहमे सिक्युरिटी गार्ड ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

गार्ड की शिकायत के आधार पर खडकी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चंदन चोरी और धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक गाडेकर मामले की जांच कर रहे हैं।

Created On :   27 Jan 2026 6:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story