- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- मां ने 11 वर्षीय बेटे की गला रेतकर...
Pune City News: मां ने 11 वर्षीय बेटे की गला रेतकर हत्या की, 13 वर्षीय बेटी पर भी जानलेवा हमला

भास्कर न्यूज, पुणे। वाघोली इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपने ही 11 वर्षीय बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी, जबकि 13 वर्षीय बेटी पर भी जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
यह घटना वाघोली के बाईफ रोड परिसर में हुई। आरोपी महिला की पहचान सोनी संतोष जायभाय (मूल निवासी कंधार, जिला नांदेड; वर्तमान निवास वाघोली, बाईफ रोड) के रूप में हुई है। इस घटना में 11 वर्षीय साईराज संतोष जायभाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय धनश्री संतोष जायभाय गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद वाघोली परिसर में तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह वारदात घरेलू विवाद के कारण हुई या इसके पीछे मानसिक तनाव जैसे अन्य कारण थे।
उल्लेखनीय है कि वाघोली में बीते दो दिनों में यह दूसरी क्रूर घटना है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं की ओर पुलिस का पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
Created On :   27 Jan 2026 2:38 PM IST












