Rewa news: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर में पहुंचे तरह-तरह के आवेदन

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर में पहुंचे तरह-तरह के आवेदन

डिजिटल न्यूज़ रीवा

मनगवा मे आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत सीएफटी पंचायत भवन तिवनी में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अपनी विभिन्न समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए करीब 200 ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों की बड़ी संख्या के चलते शिविर में दिनभर हितग्राहियों का आवागमन जारी रहा । शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 85 लिखित आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें राजस्व विभाग के 45, पंचायत विभाग के 21, विद्युत विभाग के 7, महिला एवं बाल विकास विभाग के 1, स्वास्थ्य विभाग के 1, जल निगम के 2, शिक्षा विभाग के 3, नगर विभाग के 1 तथा विधायक से संबंधित 5 आवेदन शामिल रहे।

ग्रामीणों ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, लंबित मामलों का निराकरण कराने तथा गांव में आवश्यक विकास कार्य कराए जाने की मांग रखी। प्राप्त आवेदनों को दर्ज कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि आवेदनों का परीक्षण एवं आवश्यक जांच के बाद नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नवीन पंचायत भवन निर्माण की उठी मांग

शिविर के दौरान विधायक प्रतिनिधि कमलेश्वर प्रसाद तिवारी ने ग्राम पंचायत तिवनी में नवीन पंचायत भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।तिवनी वासियों की मांग को विधायक मनगवाँ इन्जी. नरेन्द्र प्रजापति ने स्वीकृति प्रदान की तथा गाँव तिवनी की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की बात कही और यह जानकारी भी दी है कि तिवनी में विद्युत केन्द्र खुलेगा जिससे विद्युत सम्बन्धित समस्याओं का समाधान एवं निराकरण हो सकेगा।

शहीद उमाकांत तिवारी के नाम पर तोरण द्वार की मांग

विनय तिवारी शास्त्री ने हर्दी मोड़ में शहीद उमाकांत तिवारी के नाम पर तोरण द्वार निर्माण की मांग मनगवां विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति के समक्ष रखी। विधायक ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसे पूरा कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि शहीद के नाम पर तोरण द्वार का निर्माण उनके त्याग और बलिदान की स्मृति को सम्मान देने वाला कदम होगा।

विधायक मनगवाँ इन्जी. नरेन्द्र प्रजापति ने तिवनी में बन रहे अटल सरोवर निर्माण कार्य का भी किया निरीक्षण।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर को ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित होने से लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में जनपद पंचायत गंगेव अध्यक्ष विकास तिवारी, जनपद सीईओ प्राची चौबे, तिवनी सरपंच वैजनाथ साकेत, मंडल अध्यक्ष सूरा मुकेश पटेल, सहेबा सरपंच जगत नारायण मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि कमलेश्वर प्रसाद तिवारी, विनय शास्त्री, पुष्पराज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Created On :   12 Sept 2026 2:10 PM IST

Tags

Next Story