एथेनॉल बना वाहन चालकों की चिंता: रीवा में पेट्रोल-डीजल से गाड़ियों बंद होने की शिकायत; उपलब्धता पर कलेक्टर बोले- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

रीवा में पेट्रोल-डीजल से गाड़ियों बंद होने की शिकायत; उपलब्धता पर कलेक्टर बोले- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
रीवा में पेट्रोल-डीजल को लेकर इन दिनों असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शहर में कई वाहन चालकों का कहना है कि ईंधन में एथेनॉल के अत्यधिक मिश्रण की वजह से उनकी गाड़ियों में तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं।

Rewa News: रीवा में पेट्रोल-डीजल को लेकर इन दिनों असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शहर में कई वाहन चालकों का कहना है कि ईंधन में एथेनॉल के अत्यधिक मिश्रण की वजह से उनकी गाड़ियों में तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद गाड़ियों का माइलेज प्रभावित हुआ है, इंजन में झटके महसूस हो रहे हैं और कई बार वाहन चलते-चलते बंद भी हो रहे हैं।

इसी बीच शहर में एक अफवाह भी तेजी से फैलने लगी कि रीवा में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो गई है। चर्चा यह होने लगी कि कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी है, जिससे वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई। हालांकि प्रशासन ने इस तरह की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है।

रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और पैनिक होने की जरूरत नहीं है।

स्थानीय निवासी बिर्जेंद्र गुप्ता बिज्जी ने बताया, “पिछले कुछ समय से गाड़ी के परफॉर्मेंस में फर्क साफ दिख रहा है।

पेट्रोल भरवाने के बाद माइलेज कम हो गया है और इंजन में झटके भी महसूस हो रहे हैं। कई बार अचानक गाड़ी बंद होने जैसी समस्या आई।"

वहीं बीके माला का कहना है, "मेरी बाइक पहले बिल्कुल ठीक चल रही थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से स्टार्ट होने में दिक्कत आ रही है। चलते-चलते इंजन मिसफायर करने लगता है और पिकअप भी कम हो गया है। आसपास के कई लोग भी ऐसी ही शिकायत कर रहे हैं।"

स्थानीय मैकेनिक शहीद मिस्त्री ने बताया, “हाल के दिनों में वर्कशॉप पर ऐसे कई वाहन आ रहे हैं जिनमें इंजन से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। एथेनॉल मिश्रित ईंधन के कारण कई गाड़ियों में कार्बन जमने, पिकअप कम होने, स्टार्टिंग समस्या और इंजन मिसफायर जैसी दिक्कतें सामने आ रही हैं। खासकर पुराने वाहनों में इसका असर ज्यादा देखा जा रहा है।"

फिलहाल प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है। वहीं एथेनॉल मिश्रण को लेकर उठ रहे सवालों पर वाहन चालकों की चिंताएं बनी हुई हैं।

Created On :   4 July 2026 3:55 PM IST

Tags

Next Story