- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- मोहन भागवत के बयान से भाजपा को...
रीवा न्यूज: मोहन भागवत के बयान से भाजपा को ऐतराज नहीं तो मुझ पर क्यों करते हैं हमला: दिग्विजय

डिजिटल डेस्क रीवा।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मोहन भागवत के अमेरिका में दिए गए बयान को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि जो बातें मोहन भागवत ने अमेरिका में कही वे सारी बातें तो वे हमेशा से कहते आ रहे हैं, लेकिन भाजपा के लोग उन्हें मुल्ला और पाकिस्तान भेजने जैसे बयानों से हमला करते हैं,अब आरएसएस प्रमुख के बयान पर गिरिराज जैसे लोग क्यों चुप हैं। रीवा में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अमेरिका यात्रा में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि वे कह रहे हैं कि मुसलमानों को बाहर भेजना हिंदुत्व नहीं है, अनेकता में एकता भारत के डीएनए में है। यही नहीं बतौर दिग्विजय सिंह मोहन भागवत ने भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों को यहां तक कह आए कि जिस देश में कमाते हो उसके प्रति पहले निष्ठा रखो बाद में जन्मभूमि दूसरे स्थान पर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंघ और आरएसएस दोनों की विचारधारा सनातन विरोधी है और भाजपा इसी विचारधारा को देश पर थोपना चाहती है। मुसलमानों के घर गिराना उन पर फर्जी देशद्रोही होने का आरोप लगाकर भाजपा देश की सामाजिक समरसता, बसुधैव कुटुंबकम की भावना खत्म करना चाहती है।
चंदा चोरी और चढ़ावा घोटाले के विरोध में करेंगे पदयात्रा
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे सनातनी हैं और राम मंदिर में चंदा चोरी और चढ़ाव घोटाले पर अक्टूबर में दशहरा से पदयात्रा निकालेंगे। उज्जैन के महाकाल से यह यात्रा शुरू होगी और अयोध्या में इसका समापन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महाकाल और रामराज ओरछा में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया है, इसका उनके पास पक्का प्रमाण है।
इस्तीफा लेकर रहेंगे
धरने में शामिल होने के बाद पत्रकारों से पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आदिवासी कांग्रेस अनिश्चितकालीन धरना दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा लेकर ही रहेंगे। इसके लिए चाहे पूरे प्रदेश से आदिवासियों को रीवा लाना पड़ जाए। पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष इंजी. राजेंद्र शर्मा,महापौर अजय मिश्रा बाबा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल मौजूद रहे।
Created On :   7 Sept 2026 7:52 PM IST












