रीवा न्यूज: टीआरएस कॉलेेज में याद किया गया विभाजन विभीषिका दिवस

टीआरएस कॉलेेज में याद किया गया विभाजन विभीषिका दिवस
छात्रों ने पूर्ण मौन रखकर विभाजन की पीड़ा को स्मरण किया


डिजिटल डेस्क रीवा.शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय में विभाजन विभीषिका दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ठाकुर रणमत सिंह की प्रतिमा के समक्ष सम्पन्न हुआ, जिसमें महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापकों, स्टाफ सदस्यों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.अर्पिता अवस्थी ने शहीदों की महान कुर्बानी और अंग्रेजों की गलत नीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विभाजन भारत के इतिहास का सबसे दर्दनाक और काला अध्याय है, जिसमें लाखों निर्दोष नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति ने न केवल देश को दो टुकड़ों में बांट दिया, बल्कि साम्प्रदायिक सद्भाव को भी गहरा आघात पहुंचाया। डॉ.अवस्थी ने शहीदों को नमन करते हुए युवा पीढ़ी से अपील की कि वे इस इतिहास को कभी न भूलें और देश की एकता व अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहें। इसके पश्चात सहायक प्राध्यापक प्रशांत चौरसिया ने विभाजन की वेदना को व्यक्त करते हुए कहा कि विभाजन ने न केवल भौगोलिक सीमाएं बदलीं, बल्कि लाखों परिवारों को उजाड़ दिया और अनगिनत लोगों को बेघर बना दिया। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी को याद रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और हम सब मिलकर एक मजबूत व एकजुट भारत का निर्माण करें।

श्रद्धांजलि सभा के बाद मौन जुलूस निकाला गया, जिसमें छात्रों ने पूर्ण मौन रखकर विभाजन की पीड़ा को स्मरण किया। जुलूस महाविद्यालय में स्थापित ठाकुर रणमत सिंह की प्रतिमा से आरम्भ होकर कॉलेज चौराहा से होते हुए रीवा शहर में निकाला गया। कार्यक्रम में अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आरएन तिवारी, समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश शुक्ल, राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. गायत्री मिश्रा, हिन्दी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. उर्मिला वर्मा तथा एनएसएस के जिला संगठक डॉ. नागेश त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




Created On :   14 Aug 2026 5:20 PM IST

Tags

Next Story