- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- शारदीय नवरात्रि पर्व शुरू, जगह-जगह...
रीवा न्यूज: शारदीय नवरात्रि पर्व शुरू, जगह-जगह देवी प्रतिमाएं स्थापित

डिजिटल डेस्क रीवा।
पितृ पक्ष समाप्त होते ही शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय माहौल के साथ प्रारंभ हो गया है। पूरे शहर में जगह-जगह भव्य पूजा पंडाल सजाए गए हैं। कई कई पंडालों में रविवार को सुबह से ही मंत्रोच्चार, कलश स्थापना (घटस्थापना) और मां दुर्गा की आराधना के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। स्थानीय मूर्तिकारों द्वारा तैयार की गई मातारानी की आकर्षक प्रतिमाएं पंडालों में स्थापित की जा चुकी हैं। कुछ जगहों पर शाम तक प्रतिमाएं स्थापित हो जाएंगी।
यहां की रहेगी प्रमुख आकर्षक प्रतिमाएं
रीवा शहर में इस वर्ष लगभग 400 से 500 से अधिक जगहों पर छोटी-बड़ी प्रतिमाएं रखी जा रही हैं। शहर का सबसे बड़ा और प्रमुख दुर्गा पंडाल गोल पार्क में सजाया गया है। पिछले वर्ष की 360-डिग्री घूमने वाली प्रतिमा के बाद, इस बार श्रद्धालुओं के लिए पंडाल के अंदर एक आकर्षक गुफा का निर्माण किया गया है। यहाँ की मूर्तियाँ पर्यावरण को ध्यान में रखकर प्राकृतिक सामग्रियों से बनाई जाती हैं।
इसी तरह जवाहर नगर में मातारानी का भव्य महा-आगमन हुआ है। यहाँ नौ दिन तक विशेष पूजा और महा-आरती का आयोजन किया जा रहा है।
शहर के मध्य खन्ना चौराहा पर भी शहर का बेहद आकर्षक और पहला माना जाने वाला पंडाल सजाया जा रहा है इसके अलावा
शहर के मानस भवन के पीछे, नरेंद्र नगर, बिछिया, ढेकहा, गुढ़ चौराहा, गल्ला मंडी और छत्रपति नगर जैसे इलाकों में भी भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
शुरू हुआ देवी मंदिरों में पूजा आराधना का क्रम
नवरात्रि पर्व के पहले दिन से ही शहर के प्राचीन और प्रसिद्ध देवी धामों में सुबह से ही भक्त महादेवी की पूजा आराधना में जुट गए हैं। प्रथम दिन माता शैलपुत्री की पूजा आराधना पूरे भक्ति भाव के साथ की गई। शहर के ऐतिहासिक रानी तालाब स्थित काली माता मंदिर में प्रथम दिन से ही भक्तों की भीड़ शुरू हो गई है। यहाँ नौ दिनों तक भव्य मेले का आयोजन हो रहा है ।इसके लिए मातारानी का अद्भुत श्रृंगार किया जा रहा है। इसी तरह किला परिसर स्थित भगवान महामृत्युंजय मंदिर में भी भक्तजन सुबह से ही पूजा आराधना में जुटे रहे। इसके साथ-साथ शहर के प्रसिद्ध फूलमती माता मंदिर, प्राचीन शारदा मंदिर और गायत्री शक्तिपीठ में भी अखंड ज्योति और कलश स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो चुके हैं।
Created On :   11 Oct 2026 4:51 PM IST












