- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- मनगवां में एटीएम बूथ के अंदर 3...
रीवा न्यूज: मनगवां में एटीएम बूथ के अंदर 3 बदमाशों ने बदला कार्ड, खाते से उड़ाए 48,400

डिजिटल डेस्क रीवा मनगवां। एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकालने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि एटीएम बूथ के अंदर मौजूद तीन युवकों ने मदद करने के बहाने एक अधेड़ स्वास्थ्यकर्मी का कार्ड बदल लिया और उसके खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 48,400 रुपये निकालकर फरार हो गए। मोबाइल पर निकासी के संदेश मिलने के बाद पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मदद के बहाने बदला एटीएम कार्ड
पीड़ित स्वास्थ्यकर्मी रामबका साकेत के मुताबिक, वह यूनियन बैंक के एटीएम बूथ में 15 हजार रुपये निकालने पहुंचा था, लेकिन कार्ड मशीन में सही तरीके से नहीं लग पा रहा था। इसी दौरान बूथ में मौजूद तीन युवकों ने मदद की पेशकश करते हुए कहा कि अंकल, कार्ड दीजिए, इसे साफ कर देते हैं। जिसके बाद पीड़ित ने भरोसा करके कार्ड उनके हाथ में दे दिया और इसी दौरान आरोपियों ने पलक झपकते ही कार्ड बदल लिया। इसके बाद खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 48,400 रुपये निकाल लिए गए।
मनगवां में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
स्थानीय स्तर पर एटीएम के जरिए धोखाधड़ी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है। आरोप है कि इस तरह की वारदातें पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करना पुलिस के लिए चुनौती है।
सीसीटीवी फुटेज से खुल सकता है राज
बताया जा रहा है कि वारदात के समय आरोपी नकाब पहने
हुए नहीं थे। ऐसे में एटीएम बूथ के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करने पर उनकी पहचान में मदद मिल सकती है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अब यह देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज और बैंक लेनदेन के रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक कब तक पहुंचा जा सकेगा।
Created On :   11 Oct 2026 5:02 PM IST












