Satara News: सातारा की ‘राधा’ बनी दुनिया की सबसे छोटी भैंस, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज

सातारा की ‘राधा’ बनी दुनिया की सबसे छोटी भैंस, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज
  • 'दुनिया की सबसे छोटी जीवित घरेलू भैंस' के रूप में दर्ज
  • ‘राधा’ की ऊंचाई मात्र 83.8 सेंटीमीटर (2 फीट 8 इंच)

भास्कर न्यूज,सातारा। सातारा जिले के मान तालुका के मालवडी गांव की ‘राधा’ भैंस ने पूरे देश का मान बढ़ाया है। किसान त्र्यंबक बोराटे के स्वामित्व वाली यह भैंस अब गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में 'दुनिया की सबसे छोटी जीवित घरेलू भैंस' के रूप में दर्ज की गई है। ‘राधा’ की ऊंचाई मात्र 83.8 सेंटीमीटर (2 फीट 8 इंच) है।

‘राधा’ का जन्म 19 जून 2022 को हुआ था। जब वह करीब ढाई वर्ष की हुई, तब उसके मालिक त्र्यंबक बोराटे ने उसकी ऊंचाई में खास अंतर देखा। इसके बाद उनके बेटे और कृषि स्नातक, अनिकेत बोराटे ने ‘राधा’ को कृषि प्रदर्शनियों में ले जाने का निर्णय लिया। प्रारंभ में कोई खास प्रतिक्रिया नहीं मिली, लेकिन 21 दिसंबर 2024 को सोलापुर में आयोजित सिद्धेश्वर कृषि प्रदर्शनी में पहली बार ‘राधा’ ने भाग लिया और देखते ही देखते प्रसिद्ध हो गई।

इसके बाद ‘राधा’ को पुसेगांव की सेवागिरी कृषि प्रदर्शनी, निपाणी (कर्नाटक) की प्रदर्शनी सहित अब तक 13 कृषि प्रदर्शनियों में विशेष आकर्षण के रूप में आमंत्रित किया गया। अब ‘राधा’ को 24 नवंबर से कराड में आयोजित होने वाली स्व. यशवंतराव चव्हाण कृषि प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।

24 जनवरी 2025 को ‘राधा’ का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था। इसके बाद अनिकेत बोराटे ने ‘राधा’ को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए प्रयास शुरू किए। पशुधन विकास अधिकारी डॉ. शरद थोरात के मार्गदर्शन में निरीक्षण 12 सितंबर 2025 को किया गया और सभी दस्तावेज 20 सितंबर को जमा किए गए। अंततः 28 अक्टूबर 2025 को ‘राधा’ को आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्डधारी घोषित किया गया।

Created On :   4 Nov 2025 7:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story