- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों से...
सतना न्यूज: प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों से गंदगी साफ कराने पर हेडमास्टर के खिलाफ अपराध दर्ज

डिजिटल डेस्क सतना। विद्यालय परिसर में गंदगी फैलाने के बाद छात्र-छात्राओं से ही सफाई कराने के आरोप पर प्रधानाचार्य के खिलाफ रामनगर थाने में अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई है। इसी के साथ आरोपी को निलंबित भी कर दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मिरगौती संकुल के अंतर्गत ग्राम अमुआ टोला में प्राथमिक शाला संचालित है, जहां समयलाल पुत्र बहादुर कोल निवासी बड़ाइटमा, बतौर प्रभारी प्रधानाध्यापक नियुक्त हैं, जिन पर आरोप है कि वह अकसर नशे की हालत में ड्यूटी पर पहुंचते हैं और फिर स्कूल के कमरे में ही पान-गुटखा और तंबाकू खाकर थूक देते हैं। इतना ही नहीं छात्र-छात्राओं से ही गंदगी साफ कराते हैं। बीते 4 अगस्त की दोपहर को भी आरोपी प्रधानाध्यापक ने यह कृत्य किया, जिसकी शिकायत उसी दिन जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा के पास पहुंची तो उन्होंने संकुल प्राचार्य रमेश कुमार पटेल को तस्दीक करने के निर्देश दिए।
जांच प्रतिवेदन पर कार्रवाई ---
डीईओ के निर्देश पर प्राथमिक शाला पहुंचकर मौका-मुआयना करते हुए श्री पटेल ने विद्यार्थियों, ग्राम पंचायत के हरदुआ के सरपंच एवं अभिभावकों के बयान दर्ज किए, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए गए। तब डीईओ को अवगत कराते हुए संकुल प्राचार्य ने एक लिखित प्रतिवेदन थाने में प्रस्तुत किया, जिस पर आरोपी समयलाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 146 और जेजे एक्ट की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई है।
डीईओ ने किया सस्पेंड ---
शासकीय प्राथमिक शाला अमुआ टोला के प्रभारी प्रधानाध्यापक समयलाल कोल पर दोहरी गाज गिरी। एक तरफ उनके खिलाफ रामनगर थाने में जहां अपराध पंजीबद्ध किया गया है तो वहीं संकुल प्राचार्य के प्रतिवेदन पर ही डीईओ सलोनी शर्मा ने गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय मैहर नियत किया गया है।
Created On :   10 Aug 2026 2:52 PM IST












