सतना न्यूज: खाद्य विभाग की दो जगह दबिश,

खाद्य विभाग की दो जगह दबिश,
मिलावट के शक में 1 लाख से ज्यादा का घी जब्त

डिजिटल डेस्क सतना। घी में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने रविवार को शहर में दो जगह कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पंजाबी कॉलोनी स्थित सुपर स्टॉकिस्ट और इंस्टा कार्ट के डार्क स्टोर में जांच कर गोवर्धन ब्रांड के घी के सैंपल लिए। जांच के दौरान 1 लाख रुपए से अधिक कीमत का संदिग्ध घी जब्त किया गया। विभाग ने दोनों स्थानों से लिए गए नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

पहले से असुरक्षित मिली थी रिपोर्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर ने पंजाबी कॉलोनी स्थित सुपर स्टॉकिस्ट श्रीराम एंटरप्राइजेज का औचक निरीक्षण किया। यहां गोवर्धन घी के पांच अलग-अलग सैंपल लिए गए। विभाग के अनुसार पूर्व में जांचे गए गोवर्धन घी के एक सैंपल की रिपोर्ट असुरक्षित पाई गई थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए मौके पर उपलब्ध करीब 69 हजार रुपए कीमत का पूरा स्टॉक सीज कर दिया गया।

डार्क स्टोर से भी 10 लीटर घी जब्त

इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौड़ और सीमा पटेल ने इंस्टा कार्ट के डार्क स्टोर में दबिश दी। यहां भी गोवर्धन ब्रांड का करीब 10 लीटर घी जब्त किया गया। अधिकारियों ने घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। दोनों कार्रवाई में जब्त घी की गुणवत्ता को लेकर रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घी में मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।


Created On :   10 Aug 2026 2:56 PM IST

Tags

Next Story